बिलासपुर

*शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर पति परेशान करता था, तंग आकर पत्नी ने की आत्महत्या*

छत्तीसगढ़ उजाला - 8909144444

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर पति परेशान कर रहा था। इससे तंग आकर महिला ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मायके वालों से पूछताछ और बयान के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला सरकंडा पुलिस ने दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।

सरकंडा थाने में पदस्थ एसआइ अवधेश सिंह ने बताया कि बलौदा में रहने वाली सुलोचनी देवांगन की शादी 22 फरवरी 2023 को लिंगियाडीह में रहने वाले अंकित देवांगन उर्फ निक्कू से हुई थी। पांच अप्रैल 2025 को महिला की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। स्वजन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। साथ ही महिला के मायके वालों को भी इसकी जानकारी दी।

पहले ससुराल वालों पर हत्या का लगाया आरोप

प्राथमिक पूछताछ में मायके वालों ने अपनी बेटी की हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया। इसके बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया। पीएम रिपोर्ट से फांसी लगने के कारण मौत की पुष्टि हुई।

पति छोटी-छोटी बातों पर करता था मारपीट

इधर मायके वालों ने अपने बयान में बताया कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दामाद अंकित देवांगन परेशान करता था। छोटी-छोटी बातों को लेकर मारपीट करता था। उनकी बेटी ने कई बार इस संबंध में बताया था। तब मायके वालों ने अंकित और उसके परिवार के लोगों को समझाइश दी थी।

मायके वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button