मैरिज ब्यूरो संचालिका ने अपने ही पति से करा दी युवती का व्याह, 11 माह बीतने के बाद खुला राज, अपराध दर्ज
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला): छत्तीसगढ़ के सकरी क्षेत्र में अनोखा मामला सामने आया है। यहां मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिला ने अपने पति की शादी अपनी कस्टमर से करा दी।
इसके 11 महीने बाद पति-पत्नी युवती से छह लाख लेकर भाग निकले। अब पीड़ित ने इसकी शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
शिवरीनारायण क्षेत्र में रहने वाली दमयंती अपनी शादी के लिए योग्य वर की तलाश कर रही थी। तभी उसे पता चला कि सकरी क्षेत्र में रहने वाली चित्रा चौधरी मैरिज ब्यूरो चलाती है।
उसने जुलाई 2024 में चित्रा से संपर्क किया। चित्रा ने उसका बायोडाटा लेकर करीब आधा दर्जन युवकों की फोटो दिखाई। लड़के पसंद नहीं आने पर दमयंती ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया।
इसके बाद चित्रा ने अपने ही पति संजय चौधरी की तस्वीर उसे दिखाई। पहली बार में दमयंती ने उसे भी रिजेक्ट कर दिया। तब चित्रा ने अपने ही पति को योग्य वर बताकर दमयंती को प्रभावित करना शुरू कर दिया।
उसकी बातों में आकर दमयंती शादी करने के लिए राजी हो गई। इसके बाद दोनों की शादी धार्मिक स्थल में ले जाकर कराई गई। शादी के बाद संजय दमयंती को लेकर हरियाणा के हिसार ले गया। वहां पर करीब 11 महीने दोनों साथ रहे।
इसके बाद वह दमयंती को लेकर बिलासपुर आ गया। यहां वे विनोबा नगर में किराए का मकान लेकर रहने लगे। इसी दौरान दमयंती ने विनोबा नगर में ब्यूटी पार्लर का काम शुरू कर लिया।
इस बीच संजय ने अलग-अलग बहानों से उससे करीब छह लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वह चित्रा को लेकर गायब हो गया। जब दमयंती ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि चित्रा और संजय ने लव मैरिज की है। उनका एक बेटा भी है।
अब पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर चित्रा और उसके पति की तलाश शुरू कर दी है।