चुनावी हार के बाद बदले नेताजी के सियासी सुर, कभी हाथ थामने की थी तैयारी तो अब फूलों के बगीचे में दिखने लगी उम्मीद!
बात बेबाक
चुनावी हार के बाद बदले नेताजी के सियासी सुर, कभी हाथ थामने की थी तैयारी तो अब फूलों के बगीचे में दिखने लगी उम्मीद!
सियासत भी बड़ी अजब चीज है। यहां विचारधारा, सिद्धांत और निष्ठा का रंग कब बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। कभी सत्ता की मलाई का भरपूर स्वाद चख चुके नेताजी को चुनावी हार ने ऐसा झटका दिया कि फूलों की खुशबू अचानक फीकी पड़ने लगी और हाथ का सहारा कुछ ज्यादा ही प्यारा लगने लगा।
दरअसल, चुनावी हार के बाद नेताजी के सियासी भविष्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सियासी गलियारों में यह चर्चा भी खूब रही कि नेताजी अब अपने पुराने राजनीतिक ठिकाने से दूरी बनाकर दूसरे खेमे में जाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। कहा तो यहां तक जा रहा था कि जनवरी में पिछले तीन वर्षों से सियासी रूप से लापता चल रहे हाथ वाले एक कद्दावर नेता के साथ हाथ मिलाने की तैयारी लगभग बन चुकी थी।
लेकिन राजनीति में संभावनाओं के दरवाजे कब खुल जाएं और कब बंद हो जाएं, यह कोई नहीं जानता। इसी बीच नए परिसीमन में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने की खबरों ने नेताजी के मन में उम्मीदों का एक नया लड्डू फोड़ दिया। सीटें बढ़ने की संभावना ने उनके सियासी गणित को फिर से बदल दिया और चेहरे पर भी रौनक लौट आई।
अब नेताजी को हाथ थामने से ज्यादा फूलों के बगीचे में ही नई क्यारी तैयार होने की उम्मीद नजर आने लगी है। उन्हें लगने लगा है कि यदि विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ती है तो विधायिकी का टिकट मिलने की संभावना भी मजबूत हो सकती है। ऐसे में फिलहाल हाथ थामने का इरादा अधर में लटकता दिखाई दे रहा है और फूलों की खुशबू एक बार फिर उन्हें भाने लगी है।
कुल मिलाकर नेताजी की सियासी विचारधारा भी कमाल की है। जब हाथ में सत्ता की मलाई हो तो फूलों से मोहब्बत और जब चुनावी हार का झटका लगे तो हाथ का सहारा याद आने लगता है। अब परिसीमन की संभावनाओं ने फिर से फूलों के प्रति प्रेम जगा दिया है। सियासत में इसे अवसरवाद कहें या राजनीतिक दूरदर्शिता, यह तो नेताजी ही बेहतर बता सकते हैं।
फिलहाल सियासी गलियारों में चर्चा यही है कि नेताजी की निष्ठा और विचारधारा का अगला पड़ाव कौन सा होगा, यह विधानसभा सीटों के नए गणित और टिकट की संभावनाएं ही तय करेंगी।
और अंत में…
तुम्हें ये गम है कि तुम्हें चिट्ठियां नहीं आती,
*हमारी तो सोचो, हमें तो हिचकियां भी नहीं आती।




