बाबा घासीदास की धरती पर समरसता के दावों पर सवाल! छात्रावास की जमीन पर सड़क चौड़ीकरण की तैयारी, भू-माफियाओं के अतिक्रमण पर खामोशी क्यों? अंकित गौरहा ने प्रशासन को घेरा

बेलतरा में अनुसूचित जाति छात्रावास की करीब 20 फीट जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने का मामला, विद्यार्थियों की शिकायत के बाद प्रशासन ने शुरू कराया सीमांकन; कांग्रेस नेता ने सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण और निर्माण कार्यों की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल
बेलतरा(छत्तीसगढ़ उजाला)-बाबा गुरु घासीदास की धरती पर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया जाता है, लेकिन बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अनुसूचित जाति छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की स्थिति ने प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर विद्यार्थियों के सुरक्षित परिसर पर संकट की आशंका है, तो दूसरी ओर सरकारी जमीनों पर कथित अतिक्रमण और भू-माफियाओं की गतिविधियों को लेकर कार्रवाई की गति पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने इस पूरे मामले को लेकर सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अंकित गौरहा ने बताया कि चांटीडीह स्थित साइंस कॉलेज के सामने से सब्जी मंडी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में बाबा गुरु घासीदास अनुसूचित जाति छात्रावास और आदिवासी प्रशिक्षण केंद्र की करीब 20 फीट जमीन तथा बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की स्थिति बनी है। इसको लेकर छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों ने तीन दिन पहले जिला प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने सीमांकन का आदेश जारी किया, जिसके बाद अब सीमांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
गौरहा ने सवाल उठाया कि जब छात्रावास की जमीन की सीमा और परिसर की सुरक्षा को लेकर विवाद सामने आ चुका था, तो पहले निष्पक्ष सीमांकन कराने के बजाय निर्माण कार्य में जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य सरकारी भवन नहीं, बल्कि ऐसा शैक्षणिक संस्थान है, जहां अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थी रहकर अपने भविष्य को संवारते हैं। इस छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले कई विद्यार्थी लोक सेवा आयोग में चयनित होकर शासन-प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं। ऐसे संस्थान वंचित परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। इसलिए छात्रावास की जमीन और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क चौड़ीकरण विकास के लिए जरूरी हो सकता है, लेकिन विकास की कीमत छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा, निजता और सुविधाओं से नहीं चुकाई जानी चाहिए। ठंड के मौसम में छात्रावास परिसर में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब आसपास की सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायतें सामने आती रही हैं, तब उन मामलों में पहले निष्पक्ष जांच और सीमांकन क्यों नहीं कराया जाता? कथित रूप से रसूखदारों और भू-माफियाओं के कब्जों पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन की तत्परता कहां दिखाई देती है? छात्रावास की बाउंड्रीवॉल प्रभावित करने की तैयारी और दूसरी ओर अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई को लेकर उठते सवाल प्रशासन की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं।
गौरहा ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मंगल चौक से दीनदयाल कॉलोनी, अशोक नगर से बिरकोना, चांटीडीह चौक से डीएलएस कॉलेज, सेंदरी से मोपका बाइपास, राजकिशोर नगर चौक से छठ घाट और साइंस कॉलेज से सब्जी मंडी तक की सड़कें लंबे समय से समस्याओं से जूझ रही हैं।
कहीं सड़कें जर्जर हैं, कहीं निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं तो कहीं स्वीकृत कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बावजूद कुछ निर्माण कार्यों में निजी हितों को लेकर सड़क की दिशा बदलने और प्रस्तावित चौड़ाई कम करने जैसी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण से जुड़े सभी निर्णय पारदर्शी तरीके से हों और किसी भी व्यक्ति विशेष के हित को सार्वजनिक सुविधा से ऊपर न रखा जाए।
अंकित गौरहा ने कहा कि छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल को प्रभावित करने से पहले विधिवत सीमांकन कराया जाना चाहिए था। यदि सीमांकन में निर्माण की जगह या प्रक्रिया में कोई त्रुटि सामने आती है, तो सरकारी धन के संभावित नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा? निर्माण एजेंसी, संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने या सार्वजनिक धन के दुरुपयोग की स्थिति में जवाबदेही तय करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क चौड़ी करना, निर्माण कार्य शुरू करना या भूमिपूजन करना नहीं है। वास्तविक विकास तब माना जाएगा, जब जनता को बेहतर सड़कें मिलें, सरकारी जमीन सुरक्षित रहे और विद्यार्थियों के भविष्य एवं सम्मान की रक्षा हो। सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि विकास कार्यों के नाम पर किसी कमजोर वर्ग के अधिकारों की अनदेखी न हो।
गौरहा ने छात्रावास की जमीन का सीमांकन शुरू होने को स्वागतयोग्य बताते हुए उम्मीद जताई कि इसकी निष्पक्ष रिपोर्ट विद्यार्थियों के हित में आएगी और छात्रावास की जमीन, बाउंड्रीवॉल तथा परिसर में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के मामलों की भी निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सीमांकन के बाद भी छात्रहित और सरकारी संपत्ति की अनदेखी की गई तथा सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस बेलतरा की जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी।
गौरहा ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की धरती पर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश तभी सार्थक होगा, जब समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य को भी प्रशासन अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करेगा।




