ब्रेकिंग न्यूज

स्काउटिंग से सीखा सेवा, अनुशासन और नेतृत्व का पाठ, 292 स्काउट्स एवं गाइड्स ने लिया प्रशिक्षण

देवाडांड और आमाडांड में आयोजित द्वितीय सोपान प्रशिक्षण सह जांच शिविर का भव्य समापन, राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता और समाजसेवा का दिया गया संदेश

खड़गवां(छत्तीसगढ़ उजाला)-विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला एमसीबी के तत्वावधान में विकासखंड खड़गवां के पूर्व माध्यमिक शाला देवाडांड एवं शासकीय हाई स्कूल आमाडांड में आयोजित चार दिवसीय द्वितीय सोपान प्रशिक्षण सह जांच शिविर का 23 नवंबर को भव्य समापन हुआ। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित इन दोनों शिविरों में विभिन्न विद्यालयों के कुल 292 स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया।

शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें जीवन की व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने, आत्मनिर्भर बनने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए तैयार करना था। चार दिनों तक चले प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को स्काउटिंग के सिद्धांतों, अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और सेवा के महत्व से परिचित कराया गया।

व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से सिखाए जीवनोपयोगी कौशल

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को ध्वज शिष्टाचार, बीपी सिक्स, स्काउट आंदोलन का इतिहास, बाएं हाथ से अभिवादन एवं हाथ मिलाने की परंपरा, संकेतों के माध्यम से संदेश प्रेषण, दिशा ज्ञान, आपदा प्रबंधन और प्राथमिक सहायता सहित विभिन्न विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, सूझबूझ से निर्णय लेने और जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण के साथ विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए देशभक्ति गीतों एवं छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विभिन्न विद्यालयों से आए स्काउट्स एवं गाइड्स ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत, लोककला और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ समापन समारोह

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मुख्य आयुक्त रामलखन सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में सहायक जिला आयुक्त एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी रमा निवास मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह, चिरमिरी नगर निगम के एल्डरमैन उपेन्द्र सिंह, देवाडांड सरपंच रीता भगत, आमाडांड सरपंच जमुनी बाई, उपसरपंच हरवंश लाल साहू, कार्यक्रम संयोजक एवं संकुल प्राचार्य जगदीश सिंह, आमाडांड की प्राचार्य श्रीमती श्रीवास्तव तथा मेरो के प्राचार्य राजूलाल चक्रधारी सहित अन्य अतिथि शामिल हुए।

इसके अलावा प्राचार्य कटकोना, जिले के प्रभारी डीओसी नागेश्वर साहू, कौशिक, विकास, मुकेश, नमो, कविता कंवर, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानपाठक, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सहायक जिला आयुक्त एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी रमा निवास मिश्रा ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ जीवन जीने की कला, अनुशासन, सेवा, सहयोग और नेतृत्व के गुण सिखाता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम एक अच्छे नागरिक और आदर्श समाज के निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

वहीं जिला मुख्य आयुक्त रामलखन सिंह ने अपने उद्बोधन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है। यह विद्यार्थियों को देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देती है।

अनुभवी प्रशिक्षकों ने दिया सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण

शिविर को सफल बनाने में अनुभवी प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षक के रूप में जीवन राम टोप्पो, वंश गोपाल, अंजू महंत, डेगमन राम राजवाड़े, अनुभव गुप्ता, सुनील विंध्यराज, विजय यादव, सरस्वती देवी एवं अनीता सूर्यवंशी सहित वरिष्ठ स्काउट्स एवं गाइड्स ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों और अभ्यासों के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की जानकारी देने के साथ उनका व्यावहारिक ज्ञान भी विकसित किया।

शिविर संचालकों ने जताया सभी का आभार

दोनों शिविरों के शिविर संचालक जितेंद्र सिंह एवं कमलेश कुमार साहू ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समाजसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। स्काउटिंग बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक जीवन की परिस्थितियों का सामना करना सिखाती है। इससे उनमें स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की भावना विकसित होती है।

उन्होंने दोनों शिविरों के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जिला पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवारों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्य एवं जिला पदाधिकारियों ने दी बधाई

दोनों शिविरों के सफल आयोजन पर राज्य मुख्यालय आयुक्त शैलेन्द्र मिश्रा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी रमा निवास मिश्रा, एएसओसी (गाइड) जेरमिना एक्का, जिला प्रशिक्षण आयुक्त शांतनु कुर्रे, दानबहादुर सिंह, प्रभारी डीओसी नागेश्वर साहू, सोनम कश्यप सहित अन्य स्काउटर, गाइडर, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधानपाठकों ने प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

चार दिवसीय इन प्रशिक्षण शिविरों का समापन अनुशासन, सेवा, सहयोग और संस्कार के संदेश के साथ हुआ। शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण निश्चित रूप से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देने में सहायक होगा। साथ ही उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगा।

 

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button