ब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश

*रामनगर थाने में रसूखदारों का दबदबा या पुलिस की मेहरबानी? सिर में 16 टांके लगने के बावजूद गंभीर धाराएं नहीं जोड़ने पर उठे सवाल* *आश्रम परिसर में महिला दुकानदार पर डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप, हालत गंभीर होने पर बिलासपुर सिम्स में भर्ती; न्याय के लिए रीवा रेंज आईजी से लगाई गुहार*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

मैहर (उजाला डेस्क)। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में मैहर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। झरिया पगारा आश्रम परिसर में दुकान लगाने वाली 45 वर्षीय महिला के साथ कथित मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि महिला के सिर में 14 से 16 टांके लगने और हालत गंभीर होने के बावजूद मामले में उचित गंभीर धाराएं नहीं बढ़ाई गईं। आखिर पुलिस ने किन परिस्थितियों में सामान्य धाराओं में अपराध दर्ज किया? क्या थाना प्रभारी पर किसी रसूखदार का दबाव है या फिर कार्रवाई में लापरवाही बरती जा रही है? ये सवाल अब चर्चा का विषय बने हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमा सोनी (45 वर्ष), निवासी देवराज नगर, थाना रामनगर, जिला मैहर, पिछले करीब 10 वर्षों से झरिया पगारा आश्रम में रहकर नारियल, अगरबत्ती और प्रसाद की दुकान संचालित कर रही थीं। आरोप है कि 23 अक्टूबर को दोपहर के समय आश्रम के पुजारी के बेटे शिवकुमार पटेल ने दुकान लगाने की बात को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए डंडे और लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राइवेट अस्पताल में उपचार, फिर बिलासपुर सिम्स में भर्ती

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दिए बिना ही घायल महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर में टांके लगाए गए। परिजनों के मुताबिक टांकों की संख्या 14 से 16 के बीच है। रामनगर स्थित शासकीय अस्पताल में भी चोट और टांकों की पुष्टि होने की बात परिवार ने कही है।

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनके दोनों बेटे उन्हें बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर लेकर पहुंचे, जहां सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, महिला की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, आईजी से न्याय की मांग

इस पूरे मामले में पीड़ित परिवार ने मैहर थाना पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है। परिवार का आरोप है कि गंभीर चोट के बावजूद प्रकरण में आवश्यक गैर-जमानती धाराएं नहीं जोड़ी गईं। आखिर मेडिकल रिपोर्ट और चोट की गंभीरता के आधार पर पुलिस ने क्या कार्रवाई की है? किन कारणों से धाराओं में बढ़ोतरी नहीं की गई? इन सवालों का जवाब अब पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष से ही स्पष्ट हो सकेगा।

न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अब सवाल यह है कि गंभीर रूप से घायल महिला को न्याय कब मिलेगा? क्या मैहर पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुरूप कार्रवाई करेगी, या पीड़ित परिवार को न्याय के लिए उच्च अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ेंगे?

Related Articles

Back to top button