*साहब की बिटिया की शादी में सरकारी अमले की ड्यूटी! अफसरशाही का नया शाही अंदाज चर्चा में* *निजी विवाह समारोह के लिए कथित ड्यूटी रोस्टर ने खड़े किए सवाल, सरकारी कर्मचारी जनता की सेवा के लिए हैं या साहब की मेहमाननवाजी के लिए?*
छत्तीसगढ़ उजाला

रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों एक उच्च पदस्थ अधिकारी की बेटी की शादी से ज्यादा उस शादी में सरकारी अमले की कथित तैनाती चर्चा का विषय बनी हुई है। मामला इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि विवाह समारोह निजी था, लेकिन उसकी व्यवस्थाओं के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का बाकायदा ड्यूटी रोस्टर तैयार किए जाने की बात सामने आई है। अब प्रशासनिक हलकों में सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकारी विभागों का काम जनता की समस्याओं का समाधान करना है या बड़े साहब के पारिवारिक आयोजनों की जिम्मेदारी संभालना?
बताया जा रहा है कि साहब की बिटिया के विवाह समारोह को भव्य बनाने के लिए विभागीय अमले को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। किसी को अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी, किसी को वीआईपी मेहमानों की आवभगत तो किसी को खानपान और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। कथित ड्यूटी रोस्टर की कहानी सुनकर ऐसा प्रतीत होता है मानो कोई राजकीय समारोह आयोजित किया जा रहा हो।
सरकारी दफ्तर बना वेडिंग मैनेजमेंट का केंद्र?
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे रोचक पहलू यह है कि विवाह समारोह की व्यवस्थाओं के लिए कथित तौर पर प्रशासनिक शैली में जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। जिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता की समस्याओं के निराकरण में व्यस्त रहना चाहिए, उनके निजी विवाह समारोह की तैयारियों में लगाए जाने की चर्चा ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।व्यंग्यात्मक अंदाज में कहें तो शायद अब सरकारी विभागों में एक नई शाखा खोलने की जरूरत पड़ जाए—’विशिष्ट अधिकारी पारिवारिक समारोह प्रबंधन प्रकोष्ठ!’
सोशल मीडिया पर रोस्टर की चर्चा से मचा हड़कंप
कहते हैं कि सरकारी महकमों में कोई भी बात ज्यादा दिनों तक गोपनीय नहीं रह सकती। इस मामले में भी कथित ड्यूटी रोस्टर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात कही जा रही है। इसके बाद प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह रोस्टर किसके निर्देश पर तैयार किया गया? क्या कर्मचारियों की ड्यूटी किसी सक्षम अधिकारी के आदेश पर लगाई गई थी या यह व्यक्तिगत सहयोग का मामला था? इन सवालों का जवाब संबंधित विभाग की ओर से आना आवश्यक है।
साहब की खातिरदारी में कहीं पीछे न रह जाए जनता की जिम्मेदारी!
प्रदेश में आम नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई विभागों में लंबित प्रकरणों और फाइलों के निराकरण में देरी की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में यदि किसी अधिकारी के निजी समारोह में सरकारी कर्मचारियों की आधिकारिक ड्यूटी लगाए जाने की पुष्टि होती है, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय होगा।
सरकारी पद के साथ अधिकार मिलते हैं, लेकिन उन अधिकारों के साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी होती हैं। सरकारी कर्मचारियों का समय और संसाधन सार्वजनिक कार्यों के लिए होते हैं, न कि किसी अधिकारी के निजी आयोजन के लिए।
क्या सरकार ऐसे मामलों में तय करेगी जवाबदेही?
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल सरकारी सेवा की मर्यादा का है। यदि कथित ड्यूटी रोस्टर वास्तविक है, तो इसकी जांच होनी चाहिए कि उसे किसने तैयार किया और क्या सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किया गया।छत्तीसगढ़ में सुशासन की बात करने वाली सरकार के सामने भी यह एक महत्वपूर्ण विषय है। शासन को स्पष्ट करना चाहिए कि निजी आयोजनों में सरकारी कर्मचारियों की आधिकारिक तैनाती की अनुमति किन परिस्थितियों में दी जा सकती है।सवाल साहब की बेटी की शादी का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का है जिसमें पद और प्रभाव के सामने सरकारी सेवा तथा निजी जिम्मेदारियों की सीमाएं धुंधली पड़ने लगती हैं। आखिर सरकारी अमला जनता की सेवा के लिए है या साहब के दरबार की शोभा बढ़ाने के लिए?
व्यंग्य कविता: “साहब की शादी, सरकारी तैयारी!”
साहब के घर शहनाई बाजी, दफ्तर में फरमान हुआ, फाइल छोड़ो, शादी देखो, कैसा नया विधान हुआ।
कोई स्वागत द्वार संभाले, कोई परोसे पकवान, साहब की बिटिया के ब्याह में, व्यस्त हुआ प्रशासन महान।
जनता पूछे काम हमारा, कब तक यूं लटकाओगे? साहब की खातिरदारी में, कब तक समय बिताओगे?
शादी निजी, चर्चा सरकारी, कैसा अद्भुत राज, जनता की सेवा भूल गए तो कौन बचाए लाज!
— छत्तीसगढ़ उजाला विशेष संवाददाता की कलम से…✍️




