ब्रेकिंग न्यूज

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप जूदेव से मिले पशुधन मित्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रखी 25 वर्षों की पीड़ा, निश्चित मासिक मानदेय की उठाई मांग

दीपावली के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बैठक कराने का प्रबल प्रताप जूदेव ने दिया आश्वासन, गौसेवकों की मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखने की कही बात

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ पशुधन विकास विभाग में कार्य आधारित मानदेय पर सेवाएं दे रहे छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रबल प्रताप जूदेव से उनके निवास पर मुलाकात कर अपनी वर्षों पुरानी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत एवं हिंदू जन जागृति समिति के छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्य संगठक श्री सुनील घनवट के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने निश्चित मासिक मानदेय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रबल प्रताप जूदेव को बताया कि पशुधन मित्र पिछले लगभग 25 वर्षों से पशुधन विकास विभाग में कार्य आधारित मानदेय पर सेवाएं दे रहे हैं। इतने लंबे समय से विभागीय कार्यों में योगदान देने के बावजूद उन्हें आज तक निश्चित मासिक मानदेय नहीं मिल पा रहा है। पशुधन मित्र लगातार विभाग का सहयोग करते आ रहे हैं, लेकिन कई सरकारें बदलने के बाद भी उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और पशु चिकित्सा शिविरों में निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका

संघ के सचिव पुष्पकांत शर्मा ने बताया कि पशुधन मित्र विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सेवाएं देते हैं। इनमें कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं का बधियाकरण, गाय-भैंस एवं बकरियों का टीकाकरण, पशुधन सर्वेक्षण तथा पशु चिकित्सा शिविरों में सहयोग जैसे कार्य शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों तक विभागीय सेवाएं पहुंचाने में पशुधन मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक जिम्मेदारी निभाने के बावजूद निश्चित मासिक मानदेय की व्यवस्था नहीं होने से पशुधन मित्रों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ की मांग है कि उनके कार्यों और जिम्मेदारियों को देखते हुए सरकार जल्द से जल्द उचित निर्णय ले।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भी मिल रहा आश्वासन

संघ के प्रमुख सलाहकार युवराज चौधरी ने कहा कि पशुधन मित्र संघ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से भी लगातार मुलाकात कर अपनी मांगों को रखता आ रहा है, लेकिन अब तक आश्वासन ही मिल पाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार से संघ को काफी उम्मीदें हैं और विश्वास है कि सरकार पशुधन मित्रों की वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए पूरा करेगी।

संघ के सदस्य धर्मेश अटनागर एवं भूषण देवांगन ने कहा कि पशुधन मित्र लगातार गौमाता की सेवा और पशुधन संरक्षण के कार्यों में जुटे हुए हैं। कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने गौमाता की सेवा की और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इसके बावजूद उनके लिए निश्चित मासिक मानदेय की व्यवस्था नहीं बन पाई है।

हिंदू जन जागृति समिति ने दिया साथ निभाने का भरोसा

हिंदू जन जागृति समिति के छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र राज्य संगठक श्री सुनील घनवट ने पशुधन मित्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि गौसेवा और पशुधन संरक्षण के क्षेत्र में इनका योगदान महत्वपूर्ण है। सरकार को इन गौसेवकों की मांगों को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि हिंदू जन जागृति समिति छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ के साथ हमेशा सहयोग करती रहेगी और उनकी जायज मांगों को पूरा कराने के लिए आवश्यक पहल का समर्थन करेगी।

प्रबल प्रताप जूदेव ने गंभीरता से सुनी समस्याएं, मुख्यमंत्री से बैठक का आश्वासन

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रबल प्रताप जूदेव ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि पशुधन मित्र जिस तरह से लंबे समय से विभागीय कार्यों और गौसेवा में अपना योगदान दे रहे हैं, उनकी मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।

जूदेव ने आश्वासन दिया कि दीपावली के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ की बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा। इस बैठक में पशुधन मित्रों की प्रमुख मांग निश्चित मासिक मानदेय का विषय प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके और उन्हें न्याय मिल सके।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रबल प्रताप जूदेव को मांग पत्र सौंपा तथा अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और मुख्यमंत्री से बैठक कराने का आश्वासन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

अब छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ को उम्मीद है कि दीपावली के बाद मुख्यमंत्री के साथ होने वाली प्रस्तावित बैठक में उनकी 25 वर्षों से लंबित मांग पर सकारात्मक पहल होगी और निश्चित मासिक मानदेय की दिशा में ठोस निर्णय लिया जाएगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button