छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल: राज्य प्रशासनिक सेवा के 23 अधिकारियों का तबादला, कई जिलों में बदले अपर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 23 अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल किया है। 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेशों के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश 29 सितंबर 2026 को जारी पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए जारी किया गया है। इस संबंध में विभाग ने दो पृथक आदेश सूचियां जारी की हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव क्लेमेन्टीना लकड़ा द्वारा जारी आदेशों में प्रवर, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ श्रेणी के अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। इस फेरबदल के तहत रायपुर, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, बस्तर, कोरबा, दुर्ग, नारायणपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा सहित विभिन्न जिलों और विभागीय कार्यालयों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
विभागीय कार्यालयों में भी हुआ बदलाव
शिव कुमार गुप्ता को सचिव, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल, नवा रायपुर के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। वहीं गिरीश कुमार रामटेके को सचिव, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल, नवा रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
अन्य पदस्थापनाओं में अरुण कुमार खलखो को डिप्टी कलेक्टर, बलौदाबाजार-भाटापारा; अनुराग राणा को संयुक्त कलेक्टर, नारायणपुर; राहुल कुमार रजक को वरिष्ठ श्रेणी कार्यालय कलेक्टर, दुर्ग तथा संगीता अग्रवाल को संयुक्त संचालक, चिकित्सा शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है।
इसी तरह मोनिका जय नशीने को उप सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल; हेमलता डहरिया को उपायुक्त, आयुक्त कार्यालय भू-अभिलेख, नवा रायपुर; गीता ठाकुर को प्राचार्य, राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण शाला, बिलासपुर तथा ओम विकास टंडन को डिप्टी कलेक्टर, जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी दी गई है।
डिप्टी कलेक्टरों की पदस्थापना में भी फेरबदल
आदेश के अनुसार, सृष्टि चंद्राकर को डिप्टी कलेक्टर, दुर्ग तथा ऋचा सिंह को डिप्टी कलेक्टर, जांजगीर-चांपा पदस्थ किया गया है।
वहीं प्रफुल्ल कुमार रजक को डिप्टी कलेक्टर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ से स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर, मुंगेली बनाया गया है। दिलीप कुमार उइके, जो डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन), बीजापुर में पदस्थ थे, उन्हें डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन), कोंडागांव भेजा गया है। मृणमयी शुक्ला को डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन), उत्तर बस्तर कांकेर से स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन), मुंगेली पदस्थ किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग के इन आदेशों के बाद संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना के अनुसार कार्यभार ग्रहण करना होगा। शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न जिलों और विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है।




