मध्यप्रदेश से अलग होकर भी DA/DR के मामले में छत्तीसगढ़ पिछड़ा, कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक नुकसान का आरोप

राजेश चटर्जी बोले– मध्यप्रदेश से बिछड़कर छत्तीसगढ़ पिछड़ गया, आलोक शुक्ला ने उठाया देय तिथि से एरियर्स भुगतान का मुद्दा
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ, लेकिन राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता (DA) एवं महंगाई राहत (DR) के लाभ के मामले में लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मध्यप्रदेश की तुलना में छत्तीसगढ़ में DA/DR की स्वीकृति और भुगतान में देरी के कारण लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं। यह आरोप छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी एवं प्रदेश संगठन सचिव आलोक शुक्ला ने लगाया है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में जुलाई 2019 से नवंबर 2026 तक महंगाई भत्ते की दरों की तुलना करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच DA/DR की स्वीकृति और भुगतान में लगातार अंतर बना रहा। हालांकि नवंबर 2026 की स्थिति में दोनों राज्यों में महंगाई भत्ते की दर 60 प्रतिशत हो गई है, लेकिन पिछली अवधि के एरियर्स और भुगतान की तिथियों में अंतर के कारण छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
सात वर्षों तक दोनों राज्यों के DA में बना रहा अंतर
राजेश चटर्जी और आलोक शुक्ला के अनुसार, जुलाई 2019 में मध्यप्रदेश में महंगाई भत्ता 17 प्रतिशत था, जबकि छत्तीसगढ़ में केवल 12 प्रतिशत दिया जा रहा था। जनवरी 2020 में मध्यप्रदेश में यह 21 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 17 प्रतिशत था। इसी तरह जुलाई 2021 में मध्यप्रदेश 28 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ 22 प्रतिशत, जनवरी 2022 में क्रमशः 31 और 28 प्रतिशत तथा जुलाई 2022 में 34 और 30 प्रतिशत रहा।
इसके बाद भी यह अंतर लगातार बना रहा। जनवरी 2023 में मध्यप्रदेश में DA 38 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 34 प्रतिशत, जुलाई 2023 में 42 और 38 प्रतिशत, जनवरी 2024 में 46 और 42 प्रतिशत तथा जुलाई 2024 में 50 और 46 प्रतिशत रहा।
जनवरी 2025 में मध्यप्रदेश में 55 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 50 प्रतिशत, जुलाई 2025 में 58 और 55 प्रतिशत तथा जनवरी 2026 में मध्यप्रदेश में 60 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता था। नवंबर 2026 तक दोनों राज्यों में DA की दर 60 प्रतिशत हो गई है।
एरियर्स भुगतान में भी मध्यप्रदेश से पीछे छत्तीसगढ़
फेडरेशन पदाधिकारियों का कहना है कि केवल महंगाई भत्ते की दरों में अंतर ही नहीं, बल्कि एरियर्स भुगतान के मामले में भी छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को नुकसान उठाना पड़ा है। उनका आरोप है कि मध्यप्रदेश सरकार ने महंगाई भत्ते का भुगतान देय तिथि से एरियर्स सहित किया, जबकि छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को इस तरह का लाभ नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों के हित में मोदी की गारंटी के तहत की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी अब तक निराशा है। हाल ही में दोनों राज्यों में DA/DR की दर समान 60 प्रतिशत होने के बावजूद स्वीकृति तिथि और भुगतान व्यवस्था में लगभग 2 प्रतिशत का वित्तीय अंतर बना हुआ है।
50 हजार मूल वेतन पर 10 हजार रुपये तक का अंतर
आर्थिक नुकसान को समझाते हुए आलोक शुक्ला ने उदाहरण दिया कि यदि किसी कर्मचारी का मूल वेतन 50 हजार रुपये है, तो 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते की राशि 1,000 रुपये प्रतिमाह होती है। जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक नौ महीने का एरियर 9,000 रुपये बनता है। इसके अलावा अक्टूबर माह का 1,000 रुपये जोड़ने पर कुल अंतर 10,000 रुपये तक पहुंचता है।
उनके अनुसार, मध्यप्रदेश में जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक के नौ माह के 2 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते का एरियर तीन समान किस्तों में भुगतान किया जाएगा। इस तरह वहां के कर्मचारियों को देय अवधि का आर्थिक लाभ मिलेगा, जबकि छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को 2 प्रतिशत वृद्धि का लाभ नवंबर 2026 से मिलने के कारण पिछली अवधि का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
3.85 लाख कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर प्रभावित
फेडरेशन का दावा है कि इस अंतर का असर छत्तीसगढ़ के लगभग 3.85 लाख शासकीय कर्मचारियों और 1.50 लाख पेंशनरों पर पड़ रहा है। इसका प्रभाव केवल वर्तमान वेतन और पेंशन तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में पेंशन निर्धारण पर भी पड़ सकता है। पदाधिकारियों का कहना है कि समय पर DA/DR का लाभ और एरियर्स नहीं मिलने से कर्मचारियों एवं पेंशनरों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है।
फेडरेशन ने सरकार से पूछा- देय तिथि से भुगतान क्यों नहीं?
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने राज्य सरकार से सवाल किया है कि जब केंद्र सरकार के समान मध्यप्रदेश सरकार अपने कर्मचारियों एवं पेंशनरों को महंगाई भत्ते और महंगाई राहत का लाभ देय तिथि से एरियर्स सहित दे रही है, तो छत्तीसगढ़ सरकार ऐसा क्यों नहीं कर रही है?
राजेश चटर्जी ने कहा कि मध्यप्रदेश से अलग होने के बाद छत्तीसगढ़ को विकास और कर्मचारियों के हितों के मामले में आगे बढ़ना चाहिए था, लेकिन DA/DR के मामले में राज्य के कर्मचारी लगातार पिछड़ते रहे हैं। वहीं आलोक शुक्ला ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को उनका आर्थिक अधिकार समय पर मिलना चाहिए। फेडरेशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि मध्यप्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी DA/DR की स्वीकृति देय तिथि से की जाए और लंबित एरियर्स का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाखों कर्मचारियों एवं पेंशनरों को हो रहे आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।




