ब्रेकिंग न्यूज

बिलासपुर से रतनपुर तक निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा, 51 पंडितों के शंखनाद से गूंजेगा अरपा तट

17 अक्टूबर को अरपा रिवर व्यू से महामाया मंदिर रतनपुर तक होगा आयोजन, 11 पंडित करेंगे अरपा मैया और मां महामाया की महाआरती

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)- शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर धर्मनगरी रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में 17 अक्टूबर 2026, शनिवार को भव्य एवं ऐतिहासिक चुनरी यात्रा और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। बिलासपुर के अरपा रिवर व्यू से प्रारंभ होने वाली यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का विशेष संगम बनेगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजकों द्वारा यात्रा को भव्य स्वरूप देने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, सेवा और सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

आयोजन की शुरुआत शाम 5 बजे बिलासपुर के अरपा रिवर व्यू में 51 पंडितों के सामूहिक शंखनाद से होगी। शंखों की गूंज के बीच धार्मिक वातावरण निर्मित होगा। इसके पश्चात 11 पंडितों द्वारा अरपा मैया की महाआरती की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ आरती में शामिल होकर मां अरपा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

महामाया चौक से रतनपुर तक निकलेगी चुनरी यात्रा

चुनरी यात्रा बिलासपुर के महामाया चौक से प्रारंभ होकर सेंदरी और भैरव बाबा मंदिर होते हुए रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु मां महामाया के जयकारों के साथ भक्ति और आस्था का संदेश देंगे। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

यात्रा के रतनपुर पहुंचने के बाद मां महामाया मंदिर के मुख्य द्वार पर एक बार फिर 51 पंडितों द्वारा सामूहिक शंखनाद किया जाएगा। इसके पश्चात 11 पंडितों के सानिध्य में मां महामाया की भव्य आरती संपन्न होगी। शंखनाद और महाआरती का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव का केंद्र बनेगा।

आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर जगह-जगह निःशुल्क शुद्ध पेयजल, चाय-कॉफी, शरबत और अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही आपात स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर मेडिकल एवं प्राथमिक उपचार की सुविधाएं भी रखी गई हैं।

यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सहायता करने और आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजक आशीष मोनू अवस्थी ने समस्त बिलासपुरवासियों एवं मां महामाया के भक्तों से इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से 17 अक्टूबर को शाम 5 बजे अरपा रिवर व्यू पहुंचकर चुनरी यात्रा एवं महाआरती के इस पावन अवसर का सहभागी बनने का आग्रह किया है।

नवरात्रि के भक्तिमय वातावरण में आयोजित होने वाली यह चुनरी यात्रा बिलासपुर से रतनपुर तक श्रद्धा, सेवा और धार्मिक आस्था का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button