ब्रेकिंग न्यूज

खेल, स्वास्थ्य और जनभागीदारी का महासंगम, गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास का हाफ मैराथन 25 अक्टूबर को:-डॉ राकेश मिश्र

25 अक्टूबर को दौड़ेगा सतना, होगा सतना हाफ मैराथन का सप्तम संस्करण

पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास ने तेज की तैयारियां, महिला प्रतिभागियों का पंजीयन निःशुल्क; चार लाख से अधिक की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि

सतना। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा आयोजित सतना हाफ मैराथन का सप्तम संस्करण 25 अक्टूबर, रविवार को आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में रविवार को सेवा न्यास कार्यालय में आयोजन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. राकेश मिश्र ने की। बैठक में प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पंजीयन, खिलाड़ियों की सुविधाओं और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि सतना हाफ मैराथन अब केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करने का एक व्यापक अभियान बन चुका है। उन्होंने आयोजन को अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर दिया।

गांव-गांव पहुंचेगा मैराथन का संदेश

मैराथन के संयोजक रविशंकर द्विवेदी ने विभिन्न विभागों से जुड़े दायित्वों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस वर्ष आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “25 अक्टूबर को सतना दौड़ेगा” और इसके लिए शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक प्रचार अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों और खिलाड़ियों को मैराथन से जोड़ने के लिए आने वाले दिनों में गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वहीं राजीव व्यास ने कहा कि सतना हाफ मैराथन का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी इस आयोजन से जुड़ सकें।

दो प्रचार रथ दे रहे मैराथन का संदेश

आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए दो प्रचार रथ शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी भ्रमण कर रहे हैं। गीत-संगीत एवं प्रचार संदेशों के माध्यम से लोगों को मैराथन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजन समिति का लक्ष्य है कि सतना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी इस आयोजन का हिस्सा बनें।

अंतरराष्ट्रीय मानकों की टाइमिंग होगी आकर्षण

सतना हाफ मैराथन की प्रमुख विशेषताओं में इस वर्ष आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम शामिल है। आयोजकों के अनुसार बिब आधारित इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग के माध्यम से प्रतिभागियों का समय अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप दर्ज किया जाएगा और परिणाम सेकंड के सौवें भाग तक सटीक उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।

प्रतिभागियों को टी-शर्ट, एनर्जी ड्रिंक सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही चार लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी।

श्रीमती शांति मिश्रा की जन्म शताब्दी को समर्पित आयोजन

इस वर्ष की सतना हाफ मैराथन श्रीमती शांति मिश्रा की जन्म शताब्दी को समर्पित की गई है। आयोजन में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए सभी महिला प्रतिभागियों का पंजीयन निःशुल्क रखा गया है।

आयोजन समिति की शीलम सैनी ने बताया कि महिलाओं और युवतियों को खेल, स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जोड़ने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की गई है। उन्होंने अधिक से अधिक महिला प्रतिभागियों से मैराथन में शामिल होने की अपील की।

तीन श्रेणियों में होगी दौड़

21 किलोमीटर हाफ मैराथन

10 किलोमीटर युवा दौड़

5 किलोमीटर अमृत दौड़

इनमें विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। दौड़ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 के खेल मैदान से प्रारंभ होकर वहीं समाप्त होगी।

स्वस्थ और फिट सतना का दिया जाएगा संदेश

आयोजन समिति ने खेलप्रेमियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है। समिति का कहना है कि सतना हाफ मैराथन के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और फिट सतना का संदेश देशभर में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पंजीयन एवं विस्तृत जानकारी:

nyas.gpmsevanyas.org

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में राजीव व्यास, अजय मिश्रा, के.डी. गौतम, बालकृष्ण शुक्ला बेटा भैया, कमलेश्वर अग्रवाल, डॉ. चंदा शर्मा, डॉ. महेंद्र सिंह, राजेश त्रिपाठी नीलू, विजय पटेल, श्रीमती शीलम सैनी, डॉ. श्रीमती रश्मि सैनी, बिमल नामदेव, अनिल सैनी, शोभराज मिश्रा, अरुण पयासी, बलराम गुप्ता, हर्षिता मिश्रा, मंजू सिंह सहित आयोजन से जुड़े अनेक पदाधिकारी, खेलप्रेमी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button