शिक्षा

*हिंदी विश्वविद्यालय में यूजीसी-नेट मार्गदर्शन कक्षाएं प्रारंभ* 

छत्तीसगढ़ उजाला

 

वर्धा (छत्तीसगढ़ उजाला)। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए शिक्षक बनने के लिए आवश्यक मानी जाने वाली यूजीसी-नेट परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन कक्षाएं प्रारंभ कर दी हैं। इसकी पहल शिक्षा विद्यापीठ की ओर से की गई है।

शिक्षा विद्यापीठ के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा प्रशिक्षण एवं नियोजन सेल के तत्वावधान में शिक्षाशास्त्र के विद्यार्थियों (M.A. Education, M.Ed. एवं एकीकृत B.Ed.–M.Ed.) हेतु यूजीसी-नेट‘UGC-NET मार्गदर्शन व्याख्यान शृंखला’ का शुभारंभ 25 सितंबर को कस्तूरबा सभागार में हुआ। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विश्वविद्यालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए, यह पहल प्रो. कुमुद शर्मा के अकादमिक नेतृत्व में एक सुनियोजित संस्थागत प्रयास है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) हेतु सुव्यवस्थित मार्गदर्शन प्रदान कर उनकी शैक्षणिक-पेशेवर तैयारी एवं रोज़गारपरकता को सुदृढ़ करना है।

कुलपति ने विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की दिशा में सतत परिश्रम हेतु प्रेरित किया तथा इस बात पर बल दिया कि शिक्षक-शिक्षा के विद्यार्थियों का सशक्तीकरण राष्ट्र-निर्माण की आधारशिला है। इस प्रयास की सराहना करते हुए कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि स्वप्रेरित होकर प्रारंभ किए गए इस प्रयास के लिए विभाग के शिक्षक बधाई के पात्र हैं| शिक्षकों की ऐसी स्वैच्छिक एवं रचनात्मक पहल विश्वविद्यालय की अकादमिक संस्कृति को समृद्ध करती है।

व्याख्यान शृंखला के अंतर्गत सप्ताह में चार दिवस नियमित कक्षाएँ संचालित की जाएँगी, जिनमें यूजीसी-नेट के प्रश्न पत्र-I एवं II दोनों का विस्तृत मार्गदर्शन सम्मिलित होगा। इस हेतु 70 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। कार्यक्रम का समन्वयन नियोजन प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर पाण्डेय एवं डॉ. हरीश पाण्डेय द्वारा किया गया जिन्होंने इस मार्गदर्शन व्याख्यान को संचालित करने में प्रमुख भूमिका निभाई है |

कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरी शर्मा ने किया। इस अवसर पर शिक्षा विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. गोपाल कृष्ण ठाकुर सहित विभाग के शिक्षकगण, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button