*खाने में तेल कम करने की अपील करने वाले मोदी को हजारों दीपक जलाकर दी जा रही बधाई!* *पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने उठाया सवाल, प्रधानमंत्री की अपील और दीपोत्सव को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खाने के तेल का इस्तेमाल कम करने की अपील के बाद अब उनके जन्मदिन के अवसर पर हजारों दीपक जलाए जाने को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ गई है। इसी मुद्दे पर बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने प्रधानमंत्री की अपील और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर टिप्पणी की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2026 में देशवासियों से खाने के तेल का इस्तेमाल करीब 10 प्रतिशत कम करने की अपील की थी। उन्होंने इसे देश की विदेशी मुद्रा बचाने और देशसेवा से जोड़ते हुए कम तेल इस्तेमाल करने का आग्रह किया था।
इसी बीच प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों में दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बिलासपुर में भी प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत सवा लाख दीपों से कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने इसी विरोधाभास को लेकर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की है। उनका कहना है कि जब प्रधानमंत्री स्वयं खाने में तेल की खपत कम करने की अपील कर चुके हैं, तो उनके सम्मान में बड़े पैमाने पर दीपक जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले तेल को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के साथ सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थक जहां दीप प्रज्ज्वलन को सम्मान और सेवा संकल्प का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं विपक्षी नेताओं की ओर से तेल की खपत को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।




