बिलासपुर

कांग्रेस नेता अकबर खान और पूर्व पार्षद तैय्यब हुसैन का नाम गुंडा सूची में शामिल, बदमाशों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए एसपी ने दिए सख्त निर्देश, कहा – जिला में शांतिपूर्ण सौहार्द के लिए बिलासपुर पुलिस सदैव तत्पर

छत्तीसगढ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ उजाला)। आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में जेल में बंद कांग्रेस नेता अकबर खान और इसी मामले में फरार चल रहे पूर्व पार्षद तैय्यब हुसैन का नाम गुंडा सूची में शामिल किया गया है। दोनों के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में मारपीट, जान से मारने की धमकी और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है।

एएसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि एसपी रजनेश सिंह ने जिले के गुंडों और बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने कहा गया है।

उन्होंने अकबर खान और तैय्यब हुसैन को गुंडा सूची में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इस पर अकबर खान का नाम सरकंडा की गुंडा सूची में शामिल किया गया है। वहीं, पूर्व पार्षद तैय्यब हुसैन का नाम सिविल लाइन पुलिस की गुंडा सूची में जोड़ा गया है। अकबर के खिलाफ सरकंडा और सकरी थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है। सकरी के केस में उसे न्यायालय से राहत मिली है। सरकंडा में दर्ज मामले में अकबर खान को रविवार की सुबह पुलिस ने उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेजा गया है। इधर पूर्व पार्षद पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

आरोपित कांग्रेस नेता ने अपने कर्मचारी के माध्यम से एक जमीन का सौदा किया था। आरोप है कि सौदा पूरा नहीं हो पाने के कारण उसने अपने ही कर्मचारी को परेशान करना शुरू कर दिया। उसके दबाव में आकर युवक ने आत्महत्या कर ली थी। स्वजन की शिकायत पर सकरी पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। इसी तरह सरकंडा क्षेत्र के चांटीडीह में रहने वाले हमाम अली ने पुलिस को बताया कि उसके पिता रज्जब अली बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर थे। उनकी दुकान से लगी जमीन को खरीदने का सौदा अकबर और तैय्यब ने किया। बाद में वे उनकी दुकान की जमीन को ही अपना बताने लगे। उन्होंने रज्जब अली से विवाद भी किया। इससे चलते रज्जब अली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके अलावा अकबर और तैय्यब पर मारपीट और गुंडागर्दी का भी आरोप है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button