बिलासपुर

पार्टी के नेताओ ने जगदीश कौशिक का तुड़वाया अनशन, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और मस्तूरी विधायक लहरिया ने भी मनाने की कोशिश की थी

छत्तीसगढ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ उजाला)। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर नाराज कार्यकर्ता ने आमरण अनशन शुरू कर दी। कई नेताओं ने कार्यकर्ता को मनाने की कोशिश की। दो दिन तक चले मानमनौव्वल के बाद जिला अध्यक्ष ने अनशन तोड़ने के लिए कार्यकर्ता को मना लिया। शुक्रवार की सुबह जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ता को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।

कांग्रेस नेता जगदीश कौशिक लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी से टिकट की मांग कर रहे थे। बीते दिनों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से बिलासपुर लोकसभा के लिए भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को टिकट दे दिया। सूची जारी होने के बाद जगदीश कौशिक ने विरोध करते हुए कांग्रेस भवन के सामने आमरण अनशन शुरू कर दी। इसकी जानकारी लगते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जगदीश कौशिक को समझाईश दी। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने भी उन्हें मनाने की कोशिश की। इसमें वे सफल नहीं हो सके।

शुक्रवार को जगदीश कौशिक की पत्नी और बच्चे भी उनका समर्थन करने कांग्रेस भवन पहुंच गए। इधर जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी लगातार उन्हें मनाने की कोशिश में जुटे थे। शुक्रवार की सुबह ही जिला अध्यक्ष ने उन्हें मना लिया। इसके बाद जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव को भी कांग्रेस भवन बुलाकर जगदीश कौशिक से मुलाकात कराई।

Related Articles

Back to top button