बिलासपुर

मिमिक्री आर्टिस्ट ने साफ्टवेयर इंजीनियर को शादी कराने का झांसा देकर इंजीनियर को फंसाया, एक करोड़ 30 लाख की ठगी

छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। पुणे में रहने वाले मिमिक्री आर्टिस्ट ने साफ्टवेयर इंजीनियर को शादी कराने का झांसा देकर एक लड़की की फोटो भेज दिया। इसके बाद खुद लड़की की आवाज में बात कर इंजीनियर को फंसाया। साथ ही लड़की का भाई, जज और अधिकारी के रूप में खुद मोबाइल पर बात करके इंजीनियर से एक करोड़ 30 लाख की ठगी कर ली। जांच के बाद एसीसीयू और साइबर रेंज पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।
एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि सरकंडा में रहने वाले नीतिन जैन सफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वे मैहर में अपने भाई से मिलने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी पहचान जैन कालोनी में रहने वाले रोहित जैन(33) से हुई। जान पहचान के दौरान रोहित को पता चला कि इंजीनियर शादी करने के लिए लड़की तलाश कर रहा है। इसका फायदा उठाते हुए उसने इंजीनियर से संपर्क बढ़ाया। साथ ही शादी करने के लिए लड़की तलाश करने मदद करने की बात कही। उसने इंटरनेट से तीन लड़कियों की फोटो निकालकर इंजीनियर के पास भेज दिया। इसमें एक युवती को इंजीनियर ने पसंद किया। रोहित ने उसका नाम एकता जैन बताया। इसके बाद उसने खुद ही दूसरे नंबर से लड़की की आवाज में इंजीनियर से बात करना शुरू कर दिया। साथ ही अलग-अलग सिम से उसने खुद को एकता का भाई, जज और अधिकारी बनकर इंजीनियर से बात की। उसने इंजीनियर को फंसाकर एक करोड़ 30 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद उन्हें धमकाकर रुपये की वसूली की जाने लगी। इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद आरोपित रोहित जैन को गिरफ्तार कर लिया है।

एकता जैन: आरोपित रोहित जैन ने इंटरनेट से लड़की की तस्वीर निकाली। उसका नाम एकता जैन बताया। उसने दूसरे नंबर से लड़की की आवाज में इंजीनियर से बात की। शादी के लिए तैयार होने की बात कहते हुए इंजीनियर को झांसे में लिया। इसके बाद बीमार होने की बात कहते हुए उसने 30 लाख रुपये इंजीनियर से वसूल लिए। इसे अलग-अलग एकाउंट में जमा कराया।

लड़की का भाई अंशुल जैन: आरोपित ने अपनी कहानी में एक और पात्र गढ़ा अंशुल जैन, इसे लड़की का ममेरा भाई बताया। उसने अंशुल बनकर इंजीनियर से बात की। साथ ही अपनी बहन की शादी कराने पारिवारिक सहमति बनाने मदद करने की बात कही। इसी बीच उसने शेयर मार्केट में नुकसान की बात कहते हुए मदद मांगी। साथ ही पारिवारिक समस्या, प्रापर्टी टैक्स भरने के लिए रुपये मांगे। उसने अलग-अलग बहानों से करीब 30 लाख की वसूली की।

इन्कम टैक्स जज सुब्रमण्यम: आरोपित ने पुणे जाकर एक नई कहानी बनाई। उसने बताया कि एकता का परिवार हैदराबाद में रहता है। वहां पर उनकी प्रापर्टी होना बताया। इसकी बिक्री के लिए हैदराबाद जाना बताया। साथ ही यहां पर उसने एकता के गिरफ्तार होने की बात कही। साथ ही बदली हुई आवाज में खुद को इन्कम टैक्स जज सुब्रमण्यम बताकर करीब 20 लाख की वसूली की। इसे अलग-अलग एकाउंट में जमा कराए गए।

टैक्स अधिकारी रामकृष्णनन: आरोपित ने लड़की की आवाज में पहले ही इंजीनियर को बताया था कि उनकी चेन्नई में प्रापर्टी है। इसके बाद उसने टैक्स अधिकारी रामाकृष्णनन बनकर इंजीनियर से बात की। उसने प्रापर्टी टैक्स जमा नहीं होने की बात कहते हुए एकता की गिरफ्तारी करने की बात कही। इससे बचने के लिए उसने तमिल, हिंदी ओर अंग्रेजी में बातचीत इंजीनियर से करीब 15 लाख रुपये वसूल लिए।

आरबीआइ अधिकारी वीनित: आरोपित ने बदली हुई आवाज में इंजीनियर को काल किया। उसने इंस्टैंट लोन एप के माध्यम से रकम की अदायगी नहीं कर पाने की बात कही। साथ ही जांच एजेंसियों की नजर में होने की बात कही। उसने खुद ही मकान के नीचे खड़े रहकर मकान की तस्वीर ली। इसे इंजीनियर के मोबाइल पर भेजा। साथ ही उसने ईडी के अधिकारियों के आने की बात कही और दरवाजा खोलने से मना किया। इस दौरान वह खुद बाहर से दरवाजे पर दस्तक देता रहा। डरे हुए इंजीनियर ने उसके बताए खाते में 20 लाख रुपये जमा कराए।

स्कूल के समय से ही करता आ रहा मिमिक्री, कलाकारों की करता है नकल

पूछताछ में पता चला है कि आरोपित रोहित जैन स्कूल के समय से ही फिल्मी कलाकारों की नकल करता है। वह कई फिल्मी कलाकरों की आवाज अच्छी तरह से निकाल लेता है। इसके अलावा वह लड़कियों की आवाज में भी बात करता है। इसका फायदा उठाते हुए उसने इंजीनियर से ठगी की घटना को अंजाम दिया।

ठगी की रकम को लगाया आनलाइन बेटिंग में

मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपित आदतन सटोरिया है। वह आनलाइन बेटिंग एप पर दांव लगाता है। ठगी की रकम को उसने एवीएटर, तीन पत्ती, रमी और क्रिकेट सट्टे पर लगा दिया। इसमें से वह बड़ी रकम हार गया है। मामले में पुलिस ने करीब 40 बैंक एकाउंट को फ्रीज कराया है। बैंक खातों से पीड़ित की रकम वापस कराने कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button