राज्य

झारखंड के ज्‍यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश के आसार

राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में मानसून की गतिविधि सामान्य बताई जा रही है। रविवार को भी राजधानी में रिमझिम फुहारों ने उमस भरी गर्मी से राहत दी है और किसानी को बल मिल रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान की बात करें तो 15 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी वर्षा होने के संकेत हैं, जबकि राजधानी में 19 जुलाई तक आसमान में काले बादल छाए रहने और हल्की व सामान्य वर्षा होने की संभावना है।

17 जुलाई को इन जगहों पर होगी झमाझम बारिश

बताया गया कि 17 जुलाई को निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के अलावे दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में अच्छी वर्षा होगी। अब तक हुए वर्षापात की बात करें तो पूरे राज्य में सामान्य से काफी कम वर्षा रिकार्ड की गई है।

अब तक सामान्य वर्षापात 326 मिमी के मुकाबले 173.7 मिमी वर्षा ही रिकार्ड की गई है। वहीं राजधानी में 336.3 मिमी के मुकाबले 177.3 मिमी वर्षा हुई है जो कि सामान्य से काफी कम है।

बंगाल की खाड़ी में क्लाउड सर्कुलेशन से हो रही अच्‍छी वर्षा

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद बताते हैं कि बंगाल की खाड़ी में क्लाउड सर्कुलेशन में हो रहे बदलाव का ही परिणाम है कि इस बार राज्य के उत्तर पूर्वी क्षेत्र देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और साहिबगंज में अच्छी वर्षा हुई है।

कयास भी लगाए जा रहे हैं कि आगामी दिनों अच्छी वर्षा होगी,  जबकि उत्तर पश्चिमी व कोल्हान क्षेत्र में कम वर्षापात हुए, जबकि पिछले वर्ष इसके विपरित स्थिति बनी थी।

बताया कि यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में रूक-रूककर बन रहे क्लाउड सर्कुलेशन के कारण हो रहा है। मौसम विज्ञानी की माने तो 19-20 जुलाई के बाद सर्कुलेशन का असर देखने को मिलेगा। कहा कि यह सिलसिला अगस्त और सितंबर माह तक देखने को मिलेगा। 

कुछ ऐसा रहा 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य के सभी स्थानों पर हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। जबकि कहीं कहीं भारी वर्षापात हुआ। राज्य में मानसून की गतिविधि सामान्य नजर आई।  सबसे अधिक वर्षा 92.6 मिमी वर्षा साहिबगंज के बोरियो में रिकार्ड की गई।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सरायकेला का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रांची का रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button