जी. पी. एम.खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत और मिट्टी ईंट परिवहन पर शिकंजा, 1 टिप्पर सहित 8 ट्रैक्टर ज़ब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने व्यापक जांच अभियान चलाते हुए अवैध रूप से रेत एवं मिट्टी ईंट का परिवहन कर रहे 1 टिप्पर और 8 ट्रैक्टर वाहनों को ज़ब्त किया है।
जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने पिपरखूंटी, चंगेरी, परासी, मरवाही, कोटमी और गौरेला क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करते पाए गए, जिसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
खनिज विभाग ने वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित खनिज मद में अर्थदंड की राशि जमा कराने के बाद ही संबंधित वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए तथा ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कँवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक साहिब गनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




