छत्तीसगढरायपुर

नगरीय प्रशासन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 19 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले, 7 दिन में जॉइनिंग के निर्देश

नवा रायपुर से जारी आदेश में जोन आयुक्त से लेकर सीएमओ, प्रभारी सीएमओ और निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां; समय पर कार्यभार नहीं संभालने पर वेतन रोकने की चेतावनी।

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रशासनिक कसावट लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के विभिन्न नगरीय निकायों में पदस्थ 19 अधिकारियों और कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के तहत जोन आयुक्त, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ), प्रभारी सीएमओ तथा निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सभी तबादले प्रशासनिक दृष्टिकोण से समान सामर्थ्य, सेवा शर्तों और निबंधनों के अधीन अस्थायी रूप से किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


जोन आयुक्त श्री अरुण कुमार ध्रुव को नगर पालिक निगम रायपुर से स्थानांतरित कर नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा का मुख्य नगरपालिका अधिकारी बनाया गया है।
श्री रोहित कुमार साहू को नगर पालिका कवर्धा से नगर पंचायत धमधा भेजा गया है।
श्री राजेश गुप्ता को नगर पालिका दीपका से नगर पालिका गौरेला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्री सचिन गुप्ता को नगर पंचायत बेरला से नगर पालिका कोण्डागांव स्थानांतरित किया गया है।
श्रीमती शीतल चन्द्रवंशी को नगर पालिका आरंग से नगर पालिका चांपा भेजा गया है।
श्री नेतराम रत्नेश को नगर पंचायत धमधा से नगर पालिका दीपका पदस्थ किया गया है।
श्री नारायण साहू को नगर पालिका गौरेला से नगर पालिका कवर्धा की जिम्मेदारी दी गई है।
श्री रामसंजीवन सोनवानी को नगर पालिका चांपा से नगर पालिका आरंग भेजा गया है।
श्री व्ही.के.एस. पलदास को नगर पालिका दंतेवाड़ा से नगर पंचायत भोपालपटनम स्थानांतरित किया गया है।
श्री प्रदीप सिंह ठाकुर को नगर पंचायत इंदौरी से नगर पंचायत दाढ़ी भेजा गया है।
राजस्व निरीक्षक श्री देवेश चंदेल को नगर पालिका कोण्डागांव से प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत केशकाल नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य निरीक्षक श्री श्रीनिवास द्विवेदी को नगर पालिका कवर्धा से प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत इंदौरी बनाया गया है।
सहायक वर्ग-02 श्रीमती आशा जंघेल को नगर पालिका जामुल से प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत उतई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजस्व उप निरीक्षक श्री प्रभाकर शुक्ला को नगर पालिक निगम अंबिकापुर से प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत धरमजयगढ़ भेजा गया है।
श्री भारतलाल साहू को धरमजयगढ़ से प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत बड़ीकरैली पदस्थ किया गया है।
राजस्व उप निरीक्षक श्री लक्ष्मण सिंह देहारी को नगर पंचायत नयाबाराद्वार से प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत बेरला भेजा गया है।
श्री राधाचरण तिवारी को नगर पंचायत बम्हनीडीह से नगर पालिका बलौदाबाजार भेजते हुए उनके मूल पद राजस्व निरीक्षक पर वापस पदस्थ किया गया है।
श्री नामेश्वर कुमार कावडे को नगर पंचायत केशकाल से नगर पालिका बड़ेबचेली भेजा गया है तथा उन्हें उनके मूल पद सहायक वर्ग-02 पर वापस किया गया है।

शासन ने आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी एवं कर्मचारी सात दिनों के भीतर अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी को पूर्व पदस्थापना स्थल से वेतन देय नहीं होगा।

इसके साथ ही सक्षम अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अधिकारियों को समय पर कार्यमुक्त किया जाए। आदेश की अवहेलना या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।

नगरीय प्रशासन विभाग के इस व्यापक फेरबदल को प्रदेश के नगरीय निकायों में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और कार्यप्रणाली में कसावट लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button