छत्तीसगढराज्य

*बढ़ते घरेलू गैस सिलेंडर के दामों पर पूर्व विधायक ने कसा तंज, कहा – चुनावी वादों से मुकर रही सरकार*

छत्तीसगढ़ उजाला - प्रतीक सोनी

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और भाजपा सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भाजपा ने बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर लगाकर सत्ता में आने पर एलपीजी गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा किया था, लेकिन आज जनता महंगाई की मार झेल रही है। और सिलेडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर जनता की जेब पर डाका डालने का काम बीजेपी सरकार कर रही है। शैलेश पांडेय ने कहा कि गैस सिलेंडर न केवल महंगा है, बल्कि कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं हो रहा। खाद्य तेल, राशन सामग्री और रोजमर्रा की जरुरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सस्ती गैस के नाम पर जनता से वोट हासिल किए, लेकिन सरकार बनने के बाद वादों को भुला दिया गया। पांडेय ने कहा कि बिलासपुर को 15 दिनों में अपराधमुक्त बनाने का दावा करने वाले विधायक अमर अग्रवाल भी अपने वादों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। शहर में लगातार अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मतदाताओं को भ्रमित कर सत्ता हासिल करने वालों को जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि अमर अग्रवाल जनता से माफी मांगें और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।

अब देखना होगा कि महंगाई, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर इस्तीफा देने की माँग करने वाले कांग्रेसी नेता को शहर विधायक अमर अग्रवाल क्या जवाब देते है।

Related Articles

Back to top button