छत्तीसगढरायपुर

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में जीवनदीप समिति की बैठक,जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार,बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जीवनदीप समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय रायपुर, जिला चिकित्सालय पंडरी तथा मातृ एवं शिशु चिकित्सालय कालीबाड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, उपकरणों की उपलब्धता, मरम्मत कार्यों और प्रशासनिक प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा कर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही अस्पतालों के स्टोर, पैथोलॉजी लैब एवं रेडियोलॉजी विभाग में उपयोग होने वाली औषधियों, रिएजेंट्स, उपभोग्य सामग्रियों, एक्स-रे फिल्मों तथा कंप्यूटर प्रिंटर मरम्मत एवं टोनर रिफिलिंग से जुड़े भुगतान प्रस्तावों पर विचार किया गया।

समिति ने मातृ एवं शिशु चिकित्सालय कालीबाड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शिशु रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारियों एवं सर्जरी विशेषज्ञ की नियुक्ति संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की। वहीं नेत्र रोग विभाग के लिए नए ऑटो-रिफ्रेक्टोमीटर की आवश्यकता को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में जिला चिकित्सालय पंडरी एवं मातृ एवं शिशु चिकित्सालय कालीबाड़ी के लिए 10 नए वाटर कूलर उपलब्ध कराने, जिला चिकित्सालय रायपुर में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत कराने तथा अस्पतालों में स्थापित लिफ्टों के मरम्मत एवं वार्षिक अनुरक्षण (एएमसी) से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

इसके अलावा जिला चिकित्सालय रायपुर के लिए दो नई अल्ट्रासोनोग्राफी (यूएसजी) मशीनों की खरीदी, एनक्यूएएस की तैयारी हेतु आवश्यक आईईसी एवं स्टेशनरी सामग्री की व्यवस्था तथा ई-ऑफिस संचालन के लिए नए कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराने के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में 200 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल के लिए भूमि चिन्हांकन, पीजी विद्यार्थियों हेतु ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण, वाहन चालकों की नियुक्ति तथा विभिन्न मरम्मत कार्यों से संबंधित विषयों पर भी आवश्यक निर्णय लिए गए। साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन मॉड्यूलर किचन एवं जिला चिकित्सालय पंडरी के फायर एनओसी से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी सहित जीवनदीप समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button