“कनेक्शन के नाम पर उगाही का खेल: मनेन्द्रगढ़ बिजली विभाग में एसीबी का बड़ा ट्रैप, ₹10 हजार रिश्वत लेते JE और लाइनमैन रंगे हाथ गिरफ्तार”

मनेन्द्रगढ़(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) के कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के मामले में कनिष्ठ अभियंता (JE) मनीष बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद पूरे विद्युत विभाग कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी से शिकायत की थी कि 5 एचपी मोटर कनेक्शन जारी करने के एवज में अधिकारियों द्वारा ₹10 हजार की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
एसीबी टीम ने शिकायतकर्ता को ₹9 हजार 500 की रिश्वत राशि देकर विद्युत विभाग कार्यालय भेजा। जैसे ही आरोपियों ने रकम स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने दबिश देकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक, एसीबी अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रिश्वतखोरी का यह नेटवर्क कितना बड़ा है तथा इसमें अन्य अधिकारियों की भूमिका तो नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आम उपभोक्ताओं से छोटे-छोटे कार्यों के लिए अवैध वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस ट्रैप कार्रवाई ने विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को एक बार फिर उजागर कर दिया है।



