एबीवीपी से निकले राष्ट्रवादी युवा चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी: हेमंत राव वाघे बने भाजयुमो जिला मंत्री, सुयश जैन को मीडिया सह-प्रभारी का दायित्व

जी. पी. एम. (छत्तीसगढ़ उजाला)-छात्र राजनीति की पृष्ठभूमि से उभरे युवा नेता हेमंत राव वाघे ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में करते हुए मजबूत नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। कट्टर हिंदुत्ववादी और राष्ट्रवादी विचारधारा के समर्थक हेमंत वाघे अपने मुखर वक्तव्यों और सक्रिय कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं।
प्रारंभिक दौर से ही संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में नगर अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई और संगठन को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका अदा की। इसके अलावा संघ की वनवासी विकास समिति में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने समाज सेवा, जनजागरण और संगठन विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उनकी निरंतर सक्रियता, स्पष्ट विचारधारा और समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का जिला मंत्री नियुक्त किया है। संगठन को उनसे नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, युवा चेहरे के रूप में तेजी से उभर रहे सुयश जैन ने भी अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत एबीवीपी से की। आईजीएनटीयू अमरकंटक (केंद्रीय विश्वविद्यालय) में छात्र राजनीति के दौरान उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई। छात्र जीवन से ही सामाजिक और वैचारिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण वे युवाओं के बीच एक प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में स्थापित हुए हैं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में भी सुयश जैन अपनी तेज-तर्रार शैली, स्पष्ट विचार और सक्रियता के लिए जाने जाते हैं। पेंड्रा क्षेत्र के जैन समाज में वे एक लोकप्रिय और सम्मानित युवा चेहरे के रूप में उभरे हैं। उनकी उत्कृष्ट मीडिया समझ, संवाद कौशल और मजबूत जनसंपर्क क्षमता को देखते हुए संगठन ने उन्हें मीडिया सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि हेमंत राव वाघे और सुयश जैन दोनों ही अपने अनुभव, ऊर्जा और समर्पण के बल पर संगठन को नई दिशा देंगे और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




