
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-शहर की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त विश्वदीप ने जोन कमिश्नरों के व्यापक फेरबदल का आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार, जोन 9 के प्रभारी जोन आयुक्त अंशुल शर्मा को अब जोन 1 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोन 4 के जोन आयुक्त अरूण ध्रुव को जोन 2 का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, जोन 1 की प्रभारी जोन आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी को जोन 4 का दायित्व दिया गया है।
इसी क्रम में, जोन 2 के प्रभारी जोन आयुक्त संतोष पाण्डेय को जोन 7 में पदस्थ किया गया है। जोन 7 के जोन आयुक्त राकेश शर्मा को जोन 9 का नया दायित्व सौंपा गया है। प्रभारी उपायुक्त मुख्यालय मोनेश्वर शर्मा को जोन 10 का जोन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
जोन 10 के प्रभारी जोन आयुक्त विवेकानंद दुबे को नगर निगम मुख्यालय में सामान्य प्रशासन विभाग में पदस्थ किया गया है।
कार्यकुशलता और पारदर्शिता पर जोर
आयुक्त विश्वदीप ने सभी नवपदस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जोन क्षेत्रों में शहरी विकास, अधोसंरचना कार्य, सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति तथा नागरिक सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। साथ ही, सार्वजनिक शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने और नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से जोन स्तर पर प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि होगी। अधिकारियों के इस बदलाव को शहर में बेहतर प्रबंधन और सेवा सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




