छत्तीसगढरायपुर

मंत्रियों के दफ्तरों में बदलाव की हवा — ओएसडी समेत निजी स्टाफ में नई नियुक्तियां


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राज्य सरकार ने मंत्रियों के निजी स्टाफ में बदलाव करते हुए कई अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले किए हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित तीन मंत्रियों के निजी स्थापना से जुड़े कर्मचारियों में परिवर्तन किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने इसके आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, हाईस्कूल भरारी बिल्हा में पदस्थ ग्रेड-2 लिपिक डिगेश्वर राव शिंदे की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग से वापस लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निजी स्टाफ में पदस्थ की गई हैं।

वहीं, उच्च शिक्षा एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने अपने ओएसडी डिप्टी कलेक्टर गौतम सिंह की सेवाएं उनके मूल विभाग को लौटा दी हैं। उनकी जगह बिलासपुर पीजी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. संजय तिवारी को नया ओएसडी नियुक्त किया गया है।

इसी तरह, कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निजी स्टाफ में भी परिवर्तन किया गया है। उनके यहाँ पदस्थ प्रधान पाठक मुन्ना लाल ध्रुवे की सेवाएं वापस स्कूल शिक्षा विभाग को भेज दी गई हैं। उनकी जगह मेडिकल कॉलेज रायपुर में कार्यरत स्टेनो ग्रेड-3 संतोष राम को ग्रेड-2 पद के विरुद्ध नियुक्त किया गया है। हालांकि, उन्हें वेतन ग्रेड-3 के अनुसार ही प्राप्त होगा।

बताया गया है कि इस नियुक्ति के लिए जीएडी ने पात्रता एवं अर्हता नियमों में शिथिलता प्रदान की है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button