
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए अपने मीडिया सलाहकार पंकज झा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया है।
राज्य सरकार के इस आदेश के साथ ही गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिशेषर पटेल और योग आयोग के अध्यक्ष रुपनारायण सिन्हा को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने की घोषणा की गई है।
वहीं, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने शनिवार को आधिकारिक आदेश जारी किया।
संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक कदम
राज्य सरकार के इस निर्णय से विभिन्न आयोगों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
राजनीतिक हलकों में इसे संगठन के समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मानजनक व प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री साय ने यह फैसला योग्यता, संगठन निष्ठा और सार्वजनिक सेवा में सक्रिय योगदान को देखते हुए लिया है।
सरकार ने जारी किया आदेश
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि–
> “राज्य शासन द्वारा मीडिया सलाहकार पंकज झा, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बिशेषर पटेल, योग आयोग अध्यक्ष रुपनारायण सिन्हा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा तथा युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया जाता है।”