राजनीति

गुजरात में बड़ा राजनीतिक बदलाव: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की पूरी मंत्रिपरिषद ने दिया इस्तीफा, शुक्रवार को नई कैबिनेट लेगी शपथ


गांधीनगर(छत्तीसगढ़ उजाला)-गुजरात की राजनीति में गुरुवार शाम अचानक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में हुई अहम बैठक में राज्य मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रियों ने अपने-अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक यह कदम भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर उठाया गया है।

मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रियों को फैसले से अवगत कराया, जिसके बाद सभी मंत्रियों ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र सौंप दिए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आज रात राज्यपाल से मुलाकात कर मंत्रिपरिषद के इस्तीफे औपचारिक रूप से सौंपेंगे।

सूत्रों के अनुसार, यह कदम आगामी कैबिनेट विस्तार और राज्य सरकार के पुनर्गठन की दिशा में उठाया गया है। भाजपा नेतृत्व का उद्देश्य संगठन और शासन में नई ऊर्जा लाना और युवा व नए चेहरों को मौका देना है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों से इस्तीफा देने को कहा था। नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार सुबह 11:30 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की उपस्थिति तय मानी जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा यह बदलाव आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर कर रही है ताकि प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर नई टीम के साथ राज्य में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।

हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय या भाजपा की ओर से इस घटनाक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी के भीतर इसे “रणनीतिक बदलाव” के रूप में देखा जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button