
नई दिल्ली/बिलासपुर(छत्तीशगढ़ उजाला)-केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आज भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री एवं देश के सबसे युवा कैबिनेट सदस्य किंजरापु राममोहन नायडू से शिष्टाचार मुलाकात की।
बैठक के दौरान बिलासपुर हवाई अड्डे से संचालित उड़ान सेवाओं के विस्तार और नियमित संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। वर्तमान में बिलासपुर से हवाई सेवाएं सप्ताह में पांच दिन संचालित की जा रही हैं, जबकि पूर्व में यह सुविधा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध थी।
श्री तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर क्षेत्र में यात्रियों की बढ़ती संख्या, औद्योगिक गतिविधियों, शैक्षणिक संस्थानों और व्यापारिक समुदाय की आवश्यकताओं को देखते हुए दैनिक उड़ान सेवाओं की पुनः शुरुआत आवश्यक है। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री से दैनिक संचालन (Daily Operations) को बहाल करने का अनुरोध किया।
नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मंत्री तोखन साहू के सुझावों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्रालय इस दिशा में आवश्यक पहल करेगा।
इस भेंट से बिलासपुर व आसपास के क्षेत्रों में हवाई संपर्क सुविधा के और सुदृढ़ होने की उम्मीद बढ़ी है।