
बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। पारिवारिक विवाद के बाद रूठकर मायके आई पत्नी को मनाने के लिए आए पति ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित पति फरार हो गया। पुलिस की टीम ने देर रात गांव में दबिश देकर आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
सीपत क्षेत्र के ग्राम रलिया में रहने वाले प्रकाश मैत्री किसान हैं। कुछ दिन पहले उसका अपनी पत्नी रिंकी मैत्री से विवाद हुआ था। इसके बाद से रिंकी अपने मायके ग्राम कुली आ गई थी। तीन दिन पहले प्रकाश अपनी पत्नी को लेने के लिए कुली आया था। यहां पर वह अपनी पत्नी को घर चलने के लिए मना रहा था। इस बीच महिला अपने ससुराल जाने के लिए तैयार नहीं थी। गुरुवार की शाम करीब सात बजे प्रकाश ने अपनी पत्नी को घर चलने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान प्रकाश ने अपनी पत्नी पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मायके वालों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। इस पर डायल 112 की टीम महिला को लेकर अस्पताल जा रही थी। रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। इस पर शव को उसके मायके लाकर सीपत पुलिस को सूचना दी गई है। अब पुलिस शुक्रवार को शव का पीएम कराएगी। इधर हमले के बाद आरोपित फरार हो गया। इधर सीपत पुलिस की टीम रात को ही आरोपित के गांव पहुंच गई। उसके परिवार वालों और गांव के लोगों से पूछताछ कर संभावित ठिकानों की जानकारी ली गई। देर रात आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया। उसे थाने लाकर घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।