GPM में डीपीएल सीजन-3 का शानदार आगाज, क्रिकेट के मैदान पर उतरे अधिकारी-कर्मचारी; कलेक्टर बोले- 12 साल की सेवा में ऐसा आयोजन कहीं नहीं देखा
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा- काम के दबाव से होने वाले तनाव को दूर करने और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं ऐसे आयोजन, एसपी मनोज खिलारी ने बताया विभागीय समन्वय और सद्भाव बढ़ाने का बेहतर माध्यम
जी. पी. एम.(छत्तीसगढ़ उजाला)=आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाले डिपार्टमेंटल प्रीमियर लीग (डीपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-3 का रविवार, 22 नवंबर को फिजिकल कॉलेज खेल मैदान पेण्ड्रा में शानदार आगाज हुआ। शिक्षक मैत्री समूह जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर विजय दयाराम के. ने किया। खास बात यह है कि इस टूर्नामेंट में जिले के विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपनी-अपनी टीमों के साथ क्रिकेट के मैदान में उतर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य अधिकारियों-कर्मचारियों को काम के दबाव से राहत देने के साथ खेल, फिटनेस, आपसी सद्भाव और विभागीय समन्वय को बढ़ावा देना है।
12 साल की सेवा में ऐसा आयोजन कहीं देखने को नहीं मिला : कलेक्टर
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वे पिछले 12 वर्षों में राज्य के पांचों संभागों के विभिन्न जिलों में पदस्थ रह चुके हैं, लेकिन अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए इस तरह का आयोजन उन्हें कहीं देखने को नहीं मिला। उन्होंने इसे अपने लिए भी एक अच्छा अनुभव बताया और कहा कि डीपीएल जैसे आयोजन सभी जिलों में होने चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवाओं में काम का दबाव लगातार बना रहता है। जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ उम्र बढ़ने पर अधिकारी-कर्मचारी धीरे-धीरे खेल गतिविधियों से दूर होते जाते हैं। ऐसे आयोजन उन्हें दोबारा खेल के मैदान से जुड़ने का अवसर देते हैं। इससे काम के तनाव को कम करने के साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
उन्होंने आयोजन समिति को सुझाव दिया कि अधिक से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर देने के लिए आगामी आयोजनों में टीमों की संख्या बढ़ाकर 10 की जाए।
डीपीएल से बढ़ेगा विभागों के बीच समन्वय और सद्भाव : एसपी
कार्यक्रम में एसपी मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि डीपीएल जैसे आयोजन विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने का बेहतर माध्यम हैं। इससे कर्मचारियों में उत्साह का संचार होगा, फिटनेस बेहतर होगी और सभी विभागों के बीच आपसी सद्भाव एवं सहयोग की भावना मजबूत होगी।
यूट्यूब पर हो रहा मैचों का लाइव प्रसारण
कार्यक्रम में शिक्षक मैत्री समूह के संयोजक नागेन्द्र सिंह ने स्वागत भाषण दिया। उद्घाटन समारोह का संचालन एवं मैचों की कमेंट्री अजय चौधरी और नागेन्द्र सिंह ने की। प्रतियोगिता की एक खास बात यह भी है कि दर्शकों की सुविधा के लिए मैचों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जा रहा है, जिससे मैदान तक नहीं पहुंच पाने वाले लोग भी मुकाबलों का आनंद ले सकें।
कार्यक्रम में नगर पालिका पेण्ड्रा अध्यक्ष राकेश जालान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एएसपी अविनाश मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र सिरमौर एवं आकांक्षा पांडे सहित पवन सुल्तानिया, रितेश फरमानिया, उत्तम वासुदेव, अजय जायसवाल, नीरज जैन, द्वारिका सोनी, सत्यनारायण जायसवाल, सचिन तिवारी, पीयूष गुप्ता, ओम प्रकाश सोनवानी, बलराम तिवारी, प्रशांत कुशवाहा, उदय गुप्ता, प्रशांत श्रीवास, शरद गुप्ता, कुलदीप शुक्ला, टीकादास मराबी, विक्रांत सिंह, योगेश बिसेन, परसराम चौधरी, छोटेलाल बनवासी, बजरंग कश्यप, प्रवीण कौशिक, मुकेश निषाद एवं अभिषेक शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आठ टीमों के बीच होगा मुकाबला
डीपीएल सीजन-3 में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें कलेक्टर विजय दयाराम के. की कप्तानी वाली गुरुकुल वारियर्स, एसपी मनोज खिलारी की अरपा अवेंजर्स, डीएफओ कुमार निशांत की वीबी जीरामजी पतगवां, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे की बिहान राइजर, एएसपी अविनाश मिश्रा की सोन सनराइजर सिवनी, एसडीएम विक्रांत अंचल की मैकल माउंटेन, डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र सिरमौर की नवागांव फाइटर और डीईओ रजनीश तिवारी की बस्ती बगरा ब्लास्टर शामिल हैं।
पहले दिन खेले गए छह मुकाबले, नवागांव फाइटर और मैकल माउंटेन का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के पहले दिन कुल छह मुकाबले खेले गए। पहले मैच में नवागांव फाइटर ने वीबी जीरामजी पतगवां को शिकस्त दी। दूसरे मुकाबले में मैकल माउंटेन ने बस्ती बगरा ब्लास्टर को हराया, जबकि तीसरे मैच में गुरुकुल वारियर्स ने बिहान राइजर पर जीत दर्ज की।
चौथे मुकाबले में सोन सनराइजर सिवनी ने अरपा अवेंजर्स को पराजित किया। पांचवें मैच में नवागांव फाइटर ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहान राइजर को हराया। वहीं छठवें और अंतिम मुकाबले में मैकल माउंटेन ने सोन सनराइजर सिवनी को शिकस्त दी। पहले ही दिन लगातार दो जीत दर्ज कर नवागांव फाइटर और मैकल माउंटेन ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता में रोमांच बढ़ा दिया।
शिक्षक मैत्री समूह की आयोजन समिति
डीपीएल सीजन-3 के सफल आयोजन की जिम्मेदारी शिक्षक मैत्री समूह की समिति संभाल रही है। इसमें नागेन्द्र सिंह, रितेश सिंह, अंबुज मिश्रा, जितेन्द्र जायसवाल, विनोद तिग्गा, संजय कैवर्त और संजय टांडिया शामिल हैं।
खेल के जरिए अधिकारियों-कर्मचारियों को एक मंच पर लाने की यह पहल न केवल मनोरंजन का अवसर बन रही है, बल्कि विभागीय व्यस्तताओं के बीच आपसी मेलजोल, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का भी संदेश दे रही है।




