*सरकंडा थाना गेट के सामने से गुजरी स्कूटी में चार सवारी, पुलिस की नजर नहीं पड़ी!* *तीन सवारी पर लगातार कार्रवाई के बीच यातायात पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल, पुलिस लिखी स्कूटी भी चर्चा में*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। विशेष रूप से तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। लेकिन इसी बीच एक ऐसा नजारा सामने आया है, जिसने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, स्कूटी क्रमांक CG 22 Y 2881 में एक-दो नहीं, बल्कि चार लोग सवार होकर सरकंडा थाना के मुख्य गेट के सामने से गुजर गए। हैरानी की बात यह रही कि स्कूटी पर पुलिस लिखा होने के बावजूद यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन होता दिखाई दिया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की नजर इस पर नहीं पड़ी।
एक ओर आम वाहन चालकों के खिलाफ तीन सवारी को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर थाना परिसर के सामने से चार सवारी का गुजर जाना कई सवाल खड़े करता है। ऐसे में सवाल यह है कि जब थाने के गेट के सामने ही यातायात नियमों की अनदेखी हो रही है, तो शहर के अन्य इलाकों में नियमों का पालन किस तरह सुनिश्चित कराया जा रहा होगा?

अब देखना होगा कि यातायात पुलिस इस मामले को संज्ञान में लेकर संबंधित वाहन पर कार्रवाई करती है या यह मामला भी अनदेखी की भेंट चढ़ जाएगा।



