ब्रेकिंग न्यूज

जिस तहसील कार्यालय पर न्याय की जिम्मेदारी, वहीं अनुशासन तार-तार! शराब के नशे में सोता मिला नायब तहसीलदार का रीडर, अधिवक्ता से दुर्व्यवहार का आरोप; कलेक्टर तक पहुंची शिकायत

न्यायालयीन काम से पहुंचे अधिवक्ता को निर्धारित सीट पर नहीं मिला रीडर, नाजिर शाखा में सोता मिला; कलेक्टर से लिखित शिकायत, एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश

बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-आम नागरिकों और अधिवक्ताओं को राजस्व संबंधी मामलों में न्याय दिलाने तथा शासकीय कामकाज को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की जिम्मेदारी संभालने वाले तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बिलासपुर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार समर्थ थवाइत के रीडर रवि पर कार्यालयीन समय में शराब के नशे में पहुंचने, अपनी निर्धारित सीट से गायब रहने और न्यायालयीन कार्य के सिलसिले में पहुंचे एक अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। इस मामले ने तहसील कार्यालय में कर्मचारियों की कार्यशैली और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

मामले के अनुसार, अधिवक्ता त्रिशिर मनीष दीक्षित न्यायालयीन कार्य के सिलसिले में बिलासपुर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें नायब तहसीलदार समर्थ थवाइत के रीडर रवि अपनी निर्धारित सीट पर मौजूद नहीं मिले। शासकीय कार्य के सिलसिले में आवश्यक जानकारी लेने के लिए जब उन्होंने रीडर की तलाश की तो वह नाजिर शाखा में कथित तौर पर शराब के नशे में सोता हुआ मिला।

आरोप है कि अधिवक्ता ने जब संबंधित रीडर से शासकीय कामकाज के संबंध में बातचीत करने और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की तो उसने सहयोग करने के बजाय उनके साथ दुर्व्यवहार किया। तहसील कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिसर में इस तरह की कथित घटना सामने आने के बाद कर्मचारियों की जिम्मेदारी और कार्यालयीन समय में उनकी उपस्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

कलेक्टर से की लिखित शिकायत, एसडीएम ने जांच के दिए निर्देश

घटना से नाराज अधिवक्ता त्रिशिर मनीष दीक्षित ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायत में उन्होंने पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए संबंधित रीडर के व्यवहार और कार्यालयीन समय में उसकी कथित अनुपस्थिति पर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के बाद एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने तहसीलदार को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि संबंधित कर्मचारी कार्यालयीन समय में अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित था या नहीं और अधिवक्ता द्वारा लगाए गए दुर्व्यवहार एवं नशे में होने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

तहसील कार्यालय में अनुशासन और जवाबदेही पर उठे सवाल

तहसील कार्यालय आम नागरिकों के लिए राजस्व संबंधी मामलों, जमीन के विवाद, नामांतरण, सीमांकन और अन्य न्यायालयीन प्रक्रियाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र है। यहां पदस्थ प्रत्येक कर्मचारी से अपेक्षा की जाती है कि वह निर्धारित समय पर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करे और न्यायालयीन कार्यों के लिए पहुंचने वाले पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करे।

ऐसे में यदि कार्यालयीन समय में किसी कर्मचारी के नशे की हालत में मिलने और अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार जैसी शिकायत सामने आती है तो यह केवल एक कर्मचारी के आचरण का मामला नहीं रह जाता, बल्कि पूरे कार्यालय की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि जांच केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए।

 

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button