ब्रेकिंग न्यूज

छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर बवाल! मधुबाला गिरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

सोशल मीडिया वीडियो में छत्तीसगढ़ियों को बताया गया ‘जाहिल-गंवार’ और ‘अनपढ़’, कथित तौर पर दी गई अपमानजनक धमकियां; डॉ. कुलदीप सोलंकी बोले– समाज के आत्मसम्मान पर हमला बर्दाश्त नहीं, BNS की कड़ी धाराओं में कार्रवाई की मांग

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर प्रदेश में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे एक वीडियो में मधुबाला गिरी नामक महिला द्वारा छत्तीसगढ़िया समाज के लिए कथित रूप से अशोभनीय, अपमानजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले को गंभीर बताते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने संबंथंबल धित महिला के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने इस संबंध में कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक एवं कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

‘जाहिल-गंवार’ और ‘अनपढ़’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल का आरोप

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ है। आरोप है कि वीडियो में मधुबाला गिरी ने छत्तीसगढ़िया समाज को लेकर बेहद आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है। ज्ञापन के अनुसार, वीडियो में समाज के लोगों को कथित तौर पर ‘जाहिल-गंवार’ और ‘अनपढ़’ जैसे शब्दों से संबोधित किया गया है।

इतना ही नहीं, ज्ञापन में वीडियो के दौरान कथित रूप से दी गई धमकियों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें ‘छह नंबर की चप्पल का निशान गाल पर पड़ेगा’ और ‘सामने आने पर पैंट गीली हो जाएगी’ जैसे कथनों को बेहद अपमानजनक, उकसावेपूर्ण और आपत्तिजनक बताया गया है।

समाज के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप, लोक शांति को लेकर जताई चिंता

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी का कहना है कि किसी भी समाज और क्षेत्र के लोगों के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल सामाजिक मर्यादा और आपसी सम्मान के खिलाफ है। इस प्रकार की कथित टिप्पणियां केवल किसी व्यक्ति विशेष का अपमान नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़िया समाज के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाली हैं।

सोसायटी ने ज्ञापन में यह भी आशंका जताई है कि सोशल मीडिया पर वीडियो के व्यापक प्रसार से विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य, आक्रोश और कटुता बढ़ सकती है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में लोक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो सकती है। संगठन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए समय रहते प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता बताई है।

BNS की कड़ी धाराओं में कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने कमिश्नर से मांग की है कि वायरल वीडियो में कथित रूप से इस्तेमाल की गई भाषा और धमकी भरे बयानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। संबंधित महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत लागू होने वाली कठोर धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियों और धमकियों के प्रसार पर भी प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

डॉ. कुलदीप सोलंकी ने उठाया सामाजिक सम्मान का मुद्दा

सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़िया समाज के सम्मान और अस्मिता से जुड़े ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी पूरे समाज के लिए अपमानजनक शब्दों और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करने की छूट नहीं दी जा सकती।

अब इस मामले में प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। वायरल वीडियो की जांच, कथित टिप्पणियों की सत्यता और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई को लेकर प्रशासन का रुख महत्वपूर्ण होगा।

 

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button