ब्रेकिंग न्यूज

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर ABVP मनेंद्रगढ़ ने किया माल्यार्पण और संगोष्ठी का आयोजन, युवाओं को दिया सामाजिक चेतना का संदेश

महापुरुषों के आदर्श केवल भाषणों तक सीमित न रहें, उनके विचारों को अपने आचरण में उतारकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं युवा-महेश कौशिक

मनेंद्रगढ़(छत्तीसगढ़ उजाला)-जनजातीय गौरव, सामाजिक चेतना और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नगर इकाई मनेंद्रगढ़ द्वारा श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें उनके संघर्षपूर्ण जीवन, विचारों, सामाजिक योगदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक प्रयासों पर चर्चा की गई।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए ABVP नगर मंत्री महेश कौशिक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने जंगल, जमीन, जनजातीय संस्कृति और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी युवाओं को अपने अधिकारों, संस्कृति और सामाजिक सम्मान के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। हमें उनके त्याग और संघर्ष को केवल जयंती के अवसर पर याद करने के बजाय उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

महेश कौशिक ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। जब तक हम अपने विचारों, व्यवहार और जिम्मेदारियों में बदलाव नहीं लाएंगे, तब तक एक जागरूक और विकसित समाज का निर्माण संभव नहीं है। भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने के लिए उनके विचारों को समझना और उन्हें अपने आचरण में उतारना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम का उद्देश्य केवल तस्वीरें खिंचवाना या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना नहीं होना चाहिए। ऐसे आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनके माध्यम से समाज में चेतना जागृत हो और महापुरुषों के विचार जन-जन तक पहुंचें। भगवान बिरसा मुंडा, स्वामी विवेकानंद और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही एक जागरूक, समरस और विकसित समाज की नींव रखी जा सकती है।

संगोष्ठी के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण, सामाजिक एकता, युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। सभी ने महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक चेतना के विस्तार और सकारात्मक बदलाव की दिशा में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में ABVP नगर मंत्री महेश कौशिक, महाविद्यालय अध्यक्ष राजबली, नगर कार्यकारिणी सदस्य सुरेश, समय लाल, राजा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि महापुरुषों का वास्तविक सम्मान उनके चित्रों पर माल्यार्पण करने के साथ-साथ उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने से ही सार्थक होता है।

 

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button