ब्रेकिंग न्यूज

“न ब्लॉक स्तर पर युवा उत्सव, न जिला स्तर पर युवाओं की भीड़! 2.25 लाख खर्च के बाद भी खाली कुर्सियां, GPM में आयोजन की व्यवस्था पर सवाल”

पहले ब्लॉक स्तर पर होती थी प्रतियोगिताएं, वहां से चयनित प्रतिभागी पहुंचते थे जिला स्तर पर; इस बार ब्लॉक स्तर का आयोजन ही नहीं हुआ, जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी कई विधाओं के लिए नहीं पहुंचे पर्याप्त प्रतिभागी

जी. पी. एम.(छत्तीसगढ़ उजाला)-युवाओं की प्रतिभा को मंच देने, स्थानीय लोककला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अंचलों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 खुद ही अव्यवस्थाओं के सवालों में घिर गया। करीब 2 लाख 25 हजार रुपये के बजट से आयोजित कार्यक्रम में न तो अपेक्षित युवाओं की भीड़ जुट सकी और न ही प्रतियोगिताओं में पर्याप्त प्रतिभागियों की भागीदारी दिखाई दी। प्रचार-प्रसार के अभाव के साथ इस बार ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं होना भी चर्चा का विषय बन गया है। सवाल यह है कि जब ब्लॉक स्तर पर आयोजन ही नहीं हुआ, तो ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को जिला स्तर तक पहुंचने का अवसर कैसे मिला?

गुरुवार को मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना था, लेकिन कार्यक्रम स्थल की तस्वीरें कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आईं। बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली रहीं और कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की संख्या बेहद सीमित रही।

ब्लॉक स्तर पर आयोजन ही नहीं, फिर जिला स्तर तक कैसे पहुंचे प्रतिभागी?

युवा उत्सव की परंपरागत प्रक्रिया में पहले ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती थीं। इन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर दिया जाता था। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता था।

लेकिन इस बार GPM जिले में ब्लॉक स्तर पर युवा उत्सव का आयोजन ही नहीं हुआ। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल चयन प्रक्रिया को लेकर खड़ा हो रहा है। जब प्रारंभिक स्तर की प्रतियोगिताएं ही नहीं कराई गईं, तो जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों का चयन किस आधार पर किया गया? क्या सभी ब्लॉकों के युवाओं को समान अवसर मिला? क्या ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं तक प्रतियोगिता की सूचना पहुंचाई गई?

ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं नहीं होने से प्रतिभाओं की पहचान और चयन की पूरी प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। इसका असर जिला स्तरीय आयोजन में दिखाई दी सीमित भागीदारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

जिले में चार शासकीय महाविद्यालयों सहित कई शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं, जहां हजारों युवा अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद जिला स्तरीय आयोजन में प्रतिभागियों की संख्या काफी कम रही। करीब 2.25 लाख रुपये के बजट से आयोजित कार्यक्रम में यदि युवाओं की भागीदारी ही सुनिश्चित नहीं हो सकी, तो आयोजन की तैयारी और प्रचार-प्रसार की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

हालात यह रहे कि कई विधाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान के लिए ही प्रतिभागी नजर आए, जबकि कुछ प्रतियोगिताओं में तृतीय स्थान के लिए पर्याप्त प्रतिभागी तक नहीं पहुंचे। कुछ विधाओं में तो तीन प्रतिभागियों की भी भागीदारी नहीं रही। ऐसे में प्रतियोगिताओं का उद्देश्य और उनकी सार्थकता सवालों के घेरे में है।

आयोजन में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रेल चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य के अंतर्गत लमना के गौरा-गौरी नृत्य दल ने प्रथम और सैला नृत्य दल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत में कल्याणी एवं साथी प्रथम तथा निष्कर्ष एवं साथी द्वितीय रहे। चित्रकला में अभिजीत चौधरी ने प्रथम और हरनाम सिंह पैकरा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

कविता लेखन में योगिता रानी प्रथम और पूजा चौधरी द्वितीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में बिहार समूह ने प्रथम तथा डाइट पेंड्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्रिएटिव यूथ रेल चैलेंज में श्याम गुप्ता समूह प्रथम और मानवी मिश्रा द्वितीय रहीं। वहीं पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में ईशांत राजक ने प्रथम स्थान हासिल किया।

2.25 लाख के बजट पर जवाबदेही किसकी?

युवा उत्सव जैसे आयोजन केवल प्रतियोगिताएं कराकर पुरस्कार बांटने तक सीमित नहीं होने चाहिए। इनका वास्तविक उद्देश्य जिले के प्रत्येक विकासखंड, गांव, महाविद्यालय और शैक्षणिक संस्थान से प्रतिभाओं को सामने लाना है। लेकिन जब ब्लॉक स्तर पर आयोजन ही नहीं हुआ और जिला स्तर पर भी प्रतिभागियों की संख्या कम रही, तो आयोजन की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा जरूरी हो जाती है।

सवाल यह भी है कि ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं कराने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया? जिला स्तर पर प्रतिभागियों को आमंत्रित करने के लिए क्या प्रचार-प्रसार किया गया? क्या सभी विकासखंडों के युवाओं को समान अवसर देने की व्यवस्था की गई थी? और 2.25 लाख रुपये के बजट से आयोजित कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए क्या प्रयास किए गए?

युवाओं के नाम पर आयोजित उत्सव में यदि युवा ही पर्याप्त संख्या में नहीं पहुंच पाए, तो यह केवल कम उपस्थिति का मामला नहीं, बल्कि आयोजन की योजना, चयन प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा का विषय है। जरूरत है कि संबंधित विभाग इन सवालों का जवाब दे और आगामी आयोजनों में ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक पारदर्शी एवं व्यवस्थित प्रक्रिया सुनिश्चित करे, ताकि युवा उत्सव वास्तव में युवाओं की प्रतिभा का उत्सव बन सके, महज सरकारी औपचारिकता नहीं।

 

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button