बिलासपुर

*धान खरीदी से पहले प्रशासन की सात ठिकानों पर बड़ी दबिश, 200.40 क्विंटल अवैध धान जब्त* *राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों की कार्रवाई, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। समर्थन मूल्य पर 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले प्रशासन ने अवैध धान कारोबारियों और कोचियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत रूप से धान खपाने की आशंका को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को जिले के सात अलग-अलग ठिकानों पर संयुक्त टीमों ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कुल 501 कट्टी यानी 200.40 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया गया।

राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संचालित व्यापारिक प्रतिष्ठानों, राइस मिलों और किराना दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में धान के भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद सभी सात स्थानों पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।

कोटा की राइस मिल में मिला सबसे अधिक धान
कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी जब्ती कोटा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक एक स्थित जय भगवान अग्रवाल की श्रीराम राइस मिल से की गई। यहां से 126 कट्टी यानी 50.40 क्विंटल धान बरामद हुआ। वहीं चकरभाठा क्षेत्र में भी दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया।

सात ठिकानों से जब्त धान का पूरा ब्योरा
प्रशासनिक कार्रवाई में जिन सात प्रतिष्ठानों से अवैध धान जब्त किया गया, उनका विवरण इस प्रकार है—
कोटा: वार्ड क्रमांक एक स्थित जय भगवान अग्रवाल की श्रीराम राइस मिल से 126 कट्टी (50.40 क्विंटल) धान जब्त।
चकरभाठा: शुभम हरियाणी के नानक ट्रेडर्स से 70 कट्टी (28 क्विंटल) धान बरामद।
चकरभाठा: श्री कृष्णा धान भंडार से 60 कट्टी (24 क्विंटल) धान जब्त।
गतौरा: अमर किराना स्टोर्स से 70 कट्टी (28 क्विंटल) धान बरामद।
किरारी: राम गोपाल किराना स्टोर्स से 65 कट्टी (26 क्विंटल) धान जब्त।
बेलगहना: नवीन अग्रवाल के विशेष ट्रेडर्स से 60 कट्टी (24 क्विंटल) धान बरामद।
मझवानी दारसागर: जागेश्वर प्रसाद जायसवाल के पप्पू किराना स्टोर से 50 कट्टी (20 क्विंटल) धान जब्त।

अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत रूप से धान खपाने के प्रयासों को रोकने के लिए लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। सात संस्थानों में अवैध रूप से भंडारित 200.40 क्विंटल धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध भंडारण और कारोबार करने वालों के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध धान कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब खरीदी सीजन के दौरान धान के भंडारण, परिवहन और व्यापार पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।

Related Articles

Back to top button