मध्यप्रदेश

सीएम कमलनाथ ने चुनावी कैम्पेन के लिए लॉन्च किया यह थीम गीत- देश के दिल से दिल्ली तक, अब कांग्रेस

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने थीम लॉन्च किया है। देश के दिल से दिल्ली तक, अब कांग्रेस की थीम पर यह गीत मुख्यमंत्री ने चुनावी कैम्पेन के लिए लॉन्च किया है। यह गीत हिंदी के साथ बुंदेलखंडी, बघेलखंडी और निमाड़ी भाषा में भी तैयार किया गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के लिए थीम सांग- देश के दिल से दिल्ली तक, अब कांग्रेस को बनाने वाले मुकेश मेहता और निकुंज श्रीवास्तव ने बताया कि इस गाने को बनाने के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि इस गाने को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी उनसे चर्चा की थी, जिसके बाद उन्होंने पूरी टीम के साथ तैयारी करके कांग्रेस के लिए इस गाने को बनाया। भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे कमलनाथ ने इस दौरान केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी सरकार से 5 साल के कामकाज का हिसाब मांग रही है। जनता को सरकार के कामकाज का ब्यौरा मांगने का हक है। जनता के सवालों के जवाब नहीं मिल रहे हैं। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने देश की जनता को मूर्ख बनाया है। मोदी सरकार के आने से पहले देश सुरक्षित हाथों में था। देशभर में बीजेपी के खिलाफ माहौल बन रहा है। इस दौरान कमलनाथ ने भोपाल और जबलपुर लोक सभा सीट जीतने का दावा भी किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी हमला बोला। उन्होंने शिवराज पर कर्ज माफी के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। कमलनाथ ने यह भी बताया कि 22 लाख से ज्यादा किसानों का सरकार ने कर्ज माफ किया है और लोकसभा चुनाव के बाद 50 लाख किसानों का कर्जा माफ होगा।

Related Articles

Back to top button