राज्योत्सव के विभागीय स्टॉलों में दिखी छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक

मुख्य अतिथि विधायक धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने किया विभागीय स्टॉलों का अवलोकन, जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी और ‘जनमन’ पत्रिका की सराहना
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुकुल खेल मैदान, पेंड्रारोड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की आकर्षक झलक देखने को मिली। राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, नवाचारों और जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी ली। अतिथियों ने स्टॉलों में प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन करते हुए विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण दर एवं बोनस, श्री रामलला दर्शन योजना, घर-घर निर्मल जल अभियान, इन्वेस्ट छत्तीसगढ़, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और युवा कल्याण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था। अतिथियों ने जनसंपर्क विभाग की मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का भी अवलोकन किया और इसकी सराहना की।
कृषि, उद्यानिकी और ग्रामीण विकास के कार्यों का प्रदर्शन
कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के स्टॉल में फसल प्रदर्शन के साथ जैविक खेती के महत्व और लाभों की जानकारी दी गई। वहीं उद्यानिकी विभाग ने उद्यानिकी फसलों तथा ऑयल पाम की खेती की संभावनाओं और उससे होने वाले लाभों को प्रदर्शित किया। आदिम जाति कल्याण विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी गई, जबकि स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक नवाचारों और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में आदर्श आंगनबाड़ी और महतारी वंदन योजना की जानकारी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत की गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प उत्पादों एवं विभिन्न खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। इन उत्पादों के माध्यम से महिला स्वसहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया।
विभिन्न विभागों ने उपलब्धियों और योजनाओं की दी जानकारी
राज्योत्सव में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पशुधन विकास, मछली पालन, सहकारिता, हाउसिंग बोर्ड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला अग्रणी बैंक, श्रम, समाज कल्याण, उद्योग एवं पर्यटन विभाग ने भी अपने-अपने स्टॉल लगाए।
इसके अलावा जल संसाधन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, पुलिस, परिवहन, विद्युत तथा क्रेडा सहित अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं, जनहितकारी गतिविधियों और विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से राज्य और जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। राज्योत्सव में प्रस्तुत यह प्रदर्शनी शासन की विकासोन्मुखी गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों के प्रयासों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी।




