*त्योहारी सीजन में सुगंधित व ब्रांडेड चावल की बढ़ी मांग, आपूर्ति कम किसानों के पास भी खुले बाजार में बेचने के लिए पर्याप्त स्टाक नहीं* *100 रुपये तक पहुंचे अच्छी किस्म के चावल 20-25 रुपए के दाम*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। बिलासपुर में चावल की महंगाई ने आम आदमी की थाली का हिसाब बिगाड़ दिया है। महीनेभर में कई किस्मों के भाव 15 से 20 रुपये किलो तक चढ़ने की जानकारी है। सामान्य उसना और खंडा चावल, जो पहले 35 रुपये किलो मिलते थे, अब 50 रुपये तक पहुंच गए हैं। दिलचस्प यह कि खुले बाजार में कीमतें चढ़ रही हैं, लेकिन कई ब्रांडेड कंपनियों के पैकबंद चावल के दाम फिलहाल स्थिर हैं।
चावल की कीमतों में तेजी के पीछे स्थानीय आपूर्ति से लेकर अंतरराष्ट्रीय कारोबार तक कई कारण सामने आ रहे हैं। पश्चिम एशिया में भारतीय चावल की मांग, निर्यात बाजार में बढ़ते भाव और दक्षिण भारत में कम बारिश से धान उत्पादन प्रभावित होने की आशंका ने बाजार पर दबाव बढ़ाया है। कर्नाटक में सूखे के कारण धान की बुआई का रकबा चार लाख हेक्टेयर से अधिक घटने की रिपोर्ट है। इससे वहां सोना मसूरी और कोलम जैसी किस्में भी महंगी हुई हैं।
नई फसल की आवक का इंतजार
इधर, छत्तीसगढ़ में पिछले खरीफ सीजन का धान समाप्त होने और नई फसल की आवक के इंतजार से बाजार की चिंता बढ़ी है। राज्य सरकार ने 15 नवंबर से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी शुरू करने का फैसला किया है। हालांकि, सरकारी समर्थन मूल्य और खुले बाजार में चावल के खुदरा भाव का सीधा संबंध नहीं है।
मिलिंग, परिवहन, गुणवत्ता और स्टाक की उपलब्धता भी कीमत तय करते हैं। बिलासपुर में बढ़ती लागत का असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है। संचालकों के सामने थाली की कीमत बढ़ाने या चावल की गुणवत्ता और किस्म बदलने का विकल्प है। दूसरी ओर, सरकारी राशन के चावल की निर्धारित दरें फिलहाल स्थिर हैं।
चावल महंगा होने की 10 प्रमुख कारण
निर्यात मांग : विदेशी बाजारों में भारतीय चावल की मांग बढ़ना।
पश्चिम एशिया : खाद्य सुरक्षा के लिए आयातकों की खरीद बढ़ना।
कर्नाटक का सूखा : कम बारिश से धान की बुआई और उत्पादन प्रभावित होना।
पुराना स्टाक : पिछले सीजन के धान की उपलब्धता घटना।
नई फसल : मंडियों में पर्याप्त आवक होने तक दबाव बने रहना।
धान की खरीद : गुणवत्ता और किस्म के अनुसार खरीद लागत बढ़ना।
मिलिंग खर्च : मजदूरी, बिजली और प्रसंस्करण लागत बढ़ना।
परिवहन : दूसरे राज्यों से माल मंगाने पर अतिरिक्त खर्च।
प्रीमियम किस्में : सुगंधित और बेहतर गुणवत्ता वाले चावल की सीमित उपलब्धता।
संभावित जमाखोरी : कृत्रिम कमी के प्रमाण मिलने पर यह भी कारण संभव है।
होटल की थाली में अब कौन सा चावल?
चावल की कीमत बढ़ने से होटल संचालकों के सामने लागत और गुणवत्ता का संतुलन बनाने की चुनौती है। कम कीमत वाली थाली में महंगा चावल इस्तेमाल करने से मुनाफा घटता है। दूसरी ओर, चावल की किस्म बदलने पर ग्राहक स्वाद और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा सकते हैं। चावल की खपत अधिक होने से छोटी वृद्धि भी महीने के खर्च में बड़ा अंतर पैदा जांच की जाए। ग्राहक भी अलग-अलग दुकानों के भाव की तुलना कर सकते हैं। इससे वास्तविक कमी और अनावश्यक मूल्य वृद्धि के बीच अंतर स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।
पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है
कीर्ति अग्रो राइस मिल संचालक शिव अग्रवाल का कहना है कि राइस मिलों में पुराने धान का स्टाक लगभग समाप्त होने से चावल का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने के बावजूद बाजार में पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उपलब्धता और मांग के बीच बढ़ते अंतर का असर कीमतों पर भी पड़ रहा है।
चावल महंगा मतलब थाली भी
मां भवानी ढाबा के संचालक राज कुमार पमनानी (राजू) का कहना है कि चावल की कीमतों में अचानक आई तेजी ने होटल और रेस्टोरेंट का बजट बिगाड़ दिया है। रोजाना बड़ी मात्रा में चावल की खपत होती है, ऐसे में प्रति किलो 20 रुपये की बढ़ोतरी बड़ा झटका है। अब चिंता यह है कि चावल की गुणवत्ता से समझौता किए बिना बढ़ती लागत को कैसे संभालें।
कहीं कालाबाजारी तो नहीं हो रही
सीमा सोनी गृहणी कहती हैं कि चावल का दाम बढ़ने के पीछे कहीं कालाबाजारी तो नहीं। क्योंकि कोविड के बाद से आए दिन ऐसी स्थितियां बन रही है। खाद्यान को लेकर लोग ऐसा कर मुनाफा कमाते हैं। सरकार को इन पर तत्काल लगाम लगाना चाहिए। क्योंकि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और कटोरे में चावल महंगा नहीं होना चाहिए।




