केंद्र के समान 60% महंगाई भत्ता देने की मांग, आलोक शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से किया आग्रह

दीपावली से पहले महंगाई भत्ते का आदेश जारी करने की मांग, प्रदेश के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलने की उम्मीद
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (DA) देने की मांग उठाई है। फेडरेशन के प्रांतीय संगठन सचिव एवं रायपुर संभाग प्रभारी आलोक शुक्ला ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र के समान 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का आदेश दीपावली से पहले जारी किया जाए।
आलोक शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ के अधिकारी-कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। इस तरह राज्य और केंद्र के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत का अंतर है। उन्होंने कहा कि इस अंतर के कारण प्रदेश के लाखों अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं पेंशनर प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की पहल की जाए। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार से पहले महंगाई भत्ते में वृद्धि होने से कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिल सकेगी।
दीपावली से पहले आदेश जारी करने का आग्रह
फेडरेशन की ओर से मांग की गई है कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में संवेदनशीलता दिखाते हुए 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने संबंधी आदेश अविलंब जारी करे। आलोक शुक्ला ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय प्रदेश के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए उन्हें दीपावली से पहले राहत प्रदान करेंगे।




