ब्रेकिंग न्यूज

DPL-3: डिपार्टमेंट प्रीमियर लीग का ऑक्शन 10 अक्टूबर को, 112 खिलाड़ी होंगे नीलामी में शामिल

 

21 नवंबर से होगा क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे सीजन का आगाज, विजेता टीम को मिलेंगे 61 हजार रुपये

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-शिक्षक मैत्री समूह जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता डिपार्टमेंट प्रीमियर लीग (DPL) के तीसरे सीजन का आगाज 21 नवंबर से होने जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर जिले के अधिकारी-कर्मचारी खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों के पंजीयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सभी की निगाहें 10 अक्टूबर को होने वाले ऑक्शन पर टिकी हैं, जिसमें पंजीकृत 112 खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों में शामिल किया जाएगा।

25 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी दिखाएंगे खेल प्रतिभा

DPL-3 में जिले के लगभग 25 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी खिलाड़ी अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पंजीकृत खिलाड़ियों में शिक्षा विभाग से सर्वाधिक 45 खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा राजस्व विभाग से 10, स्वास्थ्य विभाग से 9, पुलिस विभाग से 8, ट्राइबल विभाग से 6, उद्यान विभाग से 5, पंचायत एवं वन विभाग से 4-4, कृषि विभाग से 3 तथा अन्य विभागों से 18 खिलाड़ी पंजीकृत हुए हैं।

विभिन्न विभागों के खिलाड़ियों की भागीदारी से यह प्रतियोगिता खेल के साथ आपसी समन्वय, मित्रता और विभागीय एकजुटता का मंच भी बनेगी।

ऑक्शन में टीम ऑनर चुनेंगे अपने खिलाड़ी

10 अक्टूबर को होने वाले ऑक्शन को लेकर सभी टीम ऑनर ने अपनी-अपनी टीम को मजबूत बनाने के लिए बेहतर खिलाड़ियों की तलाश शुरू कर दी है। इस सीजन में आठ टीमें मैदान में उतरेंगी, जिनके टीम ऑनर इस प्रकार हैं—

बस्ती बगरा ब्लास्टर — टीकादास मरावी

मैकल माउंटेन — कीर्ति खुसरो

वीबीजी राम जी पतगवा — प्रवीण कौशिक

बिहान राइजर — अभिषेक जायसवाल

अरपा अवेंजर्स — विकास राठौर

गुरुकुल वारियर्स — उमेश दुबे

सोन सनराइजर सिवनी — प्रकाश सेन

नवागांव फाइटर — राजेंद्र वासुदेव

ऑक्शन के दौरान टीम ऑनर अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों का चयन करेंगे। ऐसे में सभी टीमों के बीच संतुलित और प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने की चुनौती रहेगी।

सवा लाख रुपये की इनामी राशि, विजेता को 61 हजार

DPL-3 में इस बार इनामी राशि बढ़ाकर कुल 1 लाख 23 हजार रुपये कर दी गई है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रथम पुरस्कार: 61,000 रुपये

द्वितीय पुरस्कार: 41,000 रुपये

तृतीय पुरस्कार: 21,000 रुपये

इन पुरस्कारों के अलावा खिलाड़ियों और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों के लिए अन्य पुरस्कारों की भी व्यवस्था की जाएगी।

लाइव प्रसारण और खिलाड़ियों को प्रीमियम टी-शर्ट

DPL की खासियत यह है कि प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण भी किया जाता है, जिससे दर्शक मैदान से दूर रहकर भी मैचों का आनंद ले सकते हैं। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों के लिए आयोजकों की ओर से प्रीमियम टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाती है।

कम समय में DPL ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के साथ छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। अब तीसरे सीजन को लेकर खिलाड़ियों, टीम ऑनर और क्रिकेट प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ गई है। 10 अक्टूबर का ऑक्शन इस आयोजन की अगली महत्वपूर्ण कड़ी होगा, जबकि 21 नवंबर से मैदान में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button