“छत्तीसगढ़ के आईपीएस संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी*

छत्तीसगढ़ के आईपीएस संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी
सीआईएसएफ में डीआईजी के रूप में संभाली कमान; छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में एसपी/एसएसपी रह चुके हैं
छत्तीसगढ़ उजाला रायपुर
छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) में सीआईएसएफ के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के रूप में पदस्थ किया गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा प्रबंधन के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता के आधार पर उन्हें राजधानी की इस महत्वपूर्ण परिवहन सेवा में तैनाती मिली है।

दिल्ली मेट्रो को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है। यह 271 स्टेशनों वाला तेज परिवहन नेटवर्क दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों को जोड़ता है। यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए मेट्रो परिसरों और ट्रेनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अहम मानी जाती है। हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जो एक नया रिकॉर्ड है।
छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में एसपी/एसएसपी रहे
संतोष सिंह अपने परिपक्व और संवेदनशील पुलिसिंग दृष्टिकोण के साथ सामुदायिक पुलिसिंग के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ में वे रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव—कुल नौ जिलों में एसपी अथवा एसएसपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे सुकमा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और दुर्ग में नगर पुलिस अधीक्षक भी रहे हैं।वर्तमान तैनाती से पहले वे हैदराबाद में डीआईजी, साउथ ज़ोन-2 के पद पर कार्यरत थे। इस भूमिका में उन्हें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा से जुड़े दायित्वों का अनुभव मिला।दिल्ली मेट्रो में नई जिम्मेदारी के साथ संतोष सिंह का सुरक्षा और प्रशासनिक अनुभव अब देश के सबसे व्यस्त शहरी परिवहन नेटवर्क में उपयोग होगा।



